यूपी में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट 20 अप्रैल 2024, शनिवार को जारी कर दिया गया। राज्य में 22 फरवरी से लेकर 9 मार्च तक हुई बोर्ड परीक्षाओं के नतीजों का इंतजार कई दिनों से किया जा रहा था, लेकिन जनसत्ता ने पहले ही खबर दे दी थी कि रिजल्ट की घोषणा 20 अप्रैल को की जाएगी। यूपी बोर्ड के सचिव दिब्यकांत शुक्ला और चेयरमैन महेंद्र देव ने परिणाम की घोषणा की थी।

सीतापुर से बने 10वीं और 12वीं के टॉपर

यूपी बोर्ड 10वीं का रिजल्ट पिछले साल के मुकाबले थोड़ा सा गिरा है। 2023 में हाई स्कूल का पासिंग प्रतिशत 89.78 था। वहीं इस बार 89.55 प्रतिशत स्टूडेंट्स ने परीक्षा पास की है। वहीं 12वीं का पासिंग प्रतिशत पिछले साल के 75.52% से बढ़कर इस बार 82.60% हो गया है। इस साल 10वीं में सीतापुर की प्राची निगम ने टॉप किया है जबकि 12वीं में सीतापुर के ही शुभम वर्मा ने टॉप किया है।

12वीं में किसान के बेटे ने किया टॉप

यूपी बोर्ड 12वीं में टॉप करने वाले शुभम वर्मा एक किसान के बेटे हैं। सीतापुर के सीता इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले शुभम वर्मा ने 97.80 फीसदी अंक हासिल किए हैं। 12वीं में टॉप करने के बाद शुभम ने कहा है कि उनके माता-पिता किसान हैं। मेरी शिक्षा के लिए, उन्होंने बहुत सी कठिनाइयों का सामना किया है और मुझे इस मुकाम तक पहुंचाया है। शुभम वर्मा ने कहा कि वह आगे जाकर IAS ऑफिसर बनना चाहते हैं।

UP Board Result 2024: किसान का बेटा बना 12वीं का टॉपर, हाई स्कूल टॉप 5 टॉपर्स की लिस्ट में एक भी लड़का नहीं

हाई स्कूल की टॉपर है प्राची निगम

यूपी बोर्ड हाई स्कूल में सीतापुर की ही प्राची निगम ने टॉप किया है। प्राची को 98.50 फीसदी मार्क्स मिले हैं। आपको बता दें कि प्राची निगम और शुभम वर्मा एक ही जिले के एक ही स्कूल के स्टूडेंट हैं। दोनों के टॉप करने के बाद उनके स्कूल में जश्न का माहौल है। वहीं यूपी बोर्ड रिजल्ट में लड़कियों का दबदबा देखने को मिला है। हाई स्कूल में टॉप 5 टॉपर्स की सूची में एक भी लड़का नहीं है।

टॉप 10 टॉपर्स में 8 लड़कियां

इसके अलावा हाई स्कूल के टॉप 10 टॉपर्स में 8 लड़कियां शामिल हैं। पहली पोजिशन प्राची निगम को मिली हैं जिन्हें 600 में से 591 मार्क्स मिले हैं। टॉप 5 तक एक भी लड़का शामिल नहीं है। दूसरे स्थान की दीपिका सोनकर को 590 मार्क्स मिले हैं। तीसरे, चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर क्रमश: नाव्या सिंह, स्वाति सिंह, दिपांशी सिंह सेंगर और अर्पित तिवारी को 588 मार्क्स मिले हैं।