September School Holidays 2025 List: अगस्त का महीना खत्म होने वाला है। 31 दिन के इस महीने में स्कूलों की लंबी छुट्टियां पड़ी। इस महने में 5 रविवार के अलावा रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी जैसे पर्व की छुट्टियां स्टूडेंट्स को मिली। इसके अलावा अगस्त में बारिश और बाढ़ की वजह से भी स्कूल बंद रहे। अब सितंबर का महीना आने वाला है और इस महीने में भी बच्चों की मौज रहेंगी। भारत में सितंबर का महीना परंपराओं, सामुदायिक उत्सवों और मौसमी बदलावों के लिए जाना जाता है।
सितंबर का महीना अक्सर मध्यावधि परीक्षाओं, प्रोजेक्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चलते एक व्यस्त महीना होता है, लेकिन फिर भी इस महीने में स्कूल महत्वपूर्ण त्योहारों की चलते बंद रहते हैं। सितंबर का महीना दक्षिण भारत में मनाए जाने वाले ओणम फेस्टिवल की छुट्टी लेकर आएगा।
इस महीने में दुर्गा पूजा, ईद-ए-मिलाद और नवरात्री जैसे त्योहार पड़ेंगे। हालांकि इन सभी फेस्टिवलों पर देशभर के स्कूल एकसाथ बंद नहीं होते। छुट्टी का निर्णय क्षेत्रीय रीति-रिवाजों, शिक्षा बोर्डों और संस्थागत नीतियों पर निर्भर करता है। इसलिए पैरेंट्स और छात्रों को आखिरी समय में किसी भी आश्चर्य से बचने के लिए अपने-अपने स्कूलों से छुट्टियों के कार्यक्रम की पुष्टि कर लेनी चाहिए।
ओणम
केरल का यह लोकप्रिय त्योहार 4 सितंबर और 5 सितंबर दो दिन मनाया जाएगा। केरल भर के स्कूल पारंपरिक रूप से छात्रों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सामुदायिक भोजों और पारंपरिक खेलों में भाग लेने हेतु अवकाश घोषित करते हैं। ओणम पर्व केवल छुट्टी के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि युवा पीढ़ी के लिए केरल की विरासत से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण दिन होता है। ओणम की स्कूलों में छुट्टी कई हिंदी भाषी राज्यों में भी घोषित की जाती है।
ईद-ए-मिलाद / मिलाद-उन-नबी
पैगंबर मुहम्मद के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाया जाने वाला ईद-ए-मिलाद त्योहार इस बार 5 और 6 सितंबर को पड़ रहा है। इस मौके पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र और तमिलनाडु जैसे क्षेत्रों में स्कूल बंद रह सकते हैं। सिक्किम और मणिपुर जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में भी इस दिन की छुट्टी रहेगी।
ईद के बाद शुक्रवार (12 सितंबर, 2025)
जम्मू और श्रीनगर में ईद के बाद शुक्रवार के पारंपरिक उत्सव के उपलक्ष्य में 12 सितंबर को स्कूल बंद रह सकते हैं। जम्मू-कश्मीर में वैसे इस वक्त बारिश और बाढ़ की वजह से हालात काफी खराब हैं। इस वजह से वहां स्कूलों को बंद रखा गया है।
नवरात्र आरंभ
देश में 22 सितंबर से शारदीय नवरात्रि का आगाज होगा। उत्तर भारत के कई राज्यों में इस दिन की छुट्टी घोषित होती है। छात्रों के लिए यह अक्सर महीने के अंत में लंबी दुर्गा पूजा की छुट्टियों से पहले एक छोटे से शैक्षणिक विराम के साथ मेल खाता है।
महाराजा हरि सिंह जी की जयंती
23 सितंबर को जम्मू और श्रीनगर में महाराजा हरि सिंह जी की जयंती मनाई जाती है। जो इस क्षेत्र के एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक व्यक्ति थे। स्कूल बंद रह सकते हैं, जिससे छात्रों को स्थानीय इतिहास और विरासत पर चर्चा करने का अवसर मिलता है।
दुर्गा पूजा और उससे जुड़ी छुट्टियां (29-30 सितंबर, 2025)
सितंबर के आखिरी हफ्ते में भारत के सबसे प्रसिद्ध त्योहारों में से एक – दुर्गा पूजा का उत्सव मनाया जाएगा। 29 सितंबर को महासप्तमी मनाई जाएगी और पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा और असम जैसे राज्यों में स्कूलों में छुट्टियां घोषित की जा सकती हैं। इसके बाद 30 सितंबर को महाअष्टमी होगी, जिसके कारण ओडिशा, बिहार, झारखंड, राजस्थान और अन्य पूर्वी राज्यों में स्कूल बंद रहेंगे।
