रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ग्रेड 3 तकनीशियन भर्ती परीक्षा 2024 की आंसर की जारी होने का इंतजार कर रहे स्टूडेंट्स के लिए एक बड़ी खबर है। दरअसल, आरआरबी ने उत्तर पुस्तिका जारी होने की तारीख का ऐलान कर दिया है। 20 दिसंबर से 30 दिसंबर, 2024 के बीच आयोजित हुई इस परीक्षा की आंसर की 6 जनवरी 2025 (सोमवार) को जारी की जाएगी। जिन कैंडिडेट्स ने इस परीक्षा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है वह आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट indianrailways.gov.in और जोनल वेबसाइट पर उत्तर पुस्तिका देख सकते हैं।

11 जनवरी तक दर्ज कराएं आपत्ति

आरआरबी ने इस संबंध में एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है जिसमें कहा गया है कि आंसर की 6 जनवरी 2025 को सुबह 9 बजे वेबसाइट पर एक्टिव हो जाएगी। उम्मीदवारों को उत्तर पुस्तिका का लिंक 11 जनवरी 2025 तक वेबसाइट पर एक्टिव मिलेगा। इसका मतलब है कि कैंडिडेट 11 जनवरी सुबह 9 बजे तक आंसर की पर आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। आपत्ति उठाने के लिए निर्धारित शुल्क 50/- रुपये प्रति प्रश्न है। इसके अलावा बैंक का सर्विस चार्ज भी लगेगा।

UCEED, CEED 2025: आईआईटी बॉम्बे ने जारी किया अंडरग्रेजुएट कॉमन एंट्रेंस एग्जाम फॉर डिजाइन 2025 का एडमिट कार्ड, डायरेक्ट लिंक से ऐसे करें डाउनलोड

आपत्ति सही पाई जाने पर रिफंड हो जाएगा शुल्क

ऑब्जेक्शन विंडो ओपन रहने की समयसीमा के दौरान जो आप आपत्ति दर्ज कराएंगे अगर वह सही पाई जाती है तो ऐसी वैध आपत्तियों के विरुद्ध भुगतान किया गया शुल्क लागू बैंक शुल्क की कटौती के बाद उम्मीदवार को वापस कर दिया जाएगा। यह रिफंड उस खाते में किया जाएगा, जहां से उम्मीदवार ने ऑनलाइन भुगतान किया है। भुगतान डेबिट कार्ड/क्रेडिट कार्ड/रुपे कार्ड/यूपीआई के माध्यम से किया जा सकता है।

कुल 9144 पदों पर सेलेक्ट होंगे उम्मीदवार

बता दें कि आरआरबी के इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 9144 तकनीशियन पदों पर उम्मीदवारों को भरा जाएगा, जिनमें से 1092 तकनीशियन ग्रेड I सिग्नल के लिए और 8052 तकनीशियन ग्रेड III के लिए हैं। आरआरबी तकनीशियन 2024 परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन 9 मार्च से शुरू हुआ था और 8 अप्रैल को इसकी आवेदन प्रक्रिया समाप्त हुई थी।