झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने 8वीं और 9वीं की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। काउंसिल की तरफ से एक ऑफिशियल नोटिस के जरिए छात्रों को इसकी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट jacexamportal.in पर दे दी गई है। इस नोटिस में कहा गया है कि कक्षा 9वीं और 8वीं की परीक्षाओं को किसी अपरिहार्य कारणवश स्थगित की जा रही है, जल्द ही एग्जाम की नई डेट्स जारी की जाएंगी।

कब आयोजित होनी थी परीक्षा?

बता दें कि झारखंड में 8वीं की परीक्षा 28 जनवरी और 9वीं की परीक्षा 29 और 30 जनवरी को आयोजित होनी थी, लेकिन परिषद ने इन एग्जाम को स्थगित कर दिया है। परिषद ने स्टूडेंट्स से अनुरोध किया है कि इन एग्जाम से जुड़ी सभी संबंधित सामग्री को संभाल कर रखें परीक्षाओं की नई तारीख जल्द जारी की जाएगी।

AISSEE 2025 Application Correction: सैनिक स्कूल एंट्रेंस एग्जाम 2025 की खुली करेक्शन विंडो, ऐसे करें फॉर्म में सुधार

क्यों स्थगित हुई परीक्षा?

जानकारी के मुताबिक, झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने ये फैसला जैक में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के खाली पड़े पद की वजह से लिया है। बता दें कि यह दोनों पद 18 जनवरी से ही खाली पड़े हैं। अनिल कुमार महतो के अध्यक्ष तथा विनोद कुमार के उपाध्यक्ष के रूप में कार्यकाल पूरा होने के बाद दोनों पदों पर नियुक्ति नहीं हो सकी है। ऐसे में आशंका जताई जा रही थी कि समय पर नियुक्ति नहीं होने से परीक्षाएं प्रभावित हो सकती हैं।

इधर, झारखंड वित्त रहित शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने 28 जनवरी तक दोनों पदों पर नियुक्ति नहीं होने पर झारखंड उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर करने की चेतावनी दी है।

2 शिफ्ट में आयोजित होनी थी परीक्षा

बता दें कि झारखंड बोर्ड ने इस महीने के शुरुआत में 8वीं और 9वीं की डेटशीट का ऐलान किया था। 8वीं की परीक्षा 28 जनवरी को दो शिफ्ट में आयोजित होनी थी। पहली शिफ्ट में 9.45 से 1 बजे तके हिंदी, इंग्लिश और अतिरिक्त भाषा का पेपर होना था जबकि दूसरी शिफ्ट में 2 बजे से लेकर 5.15 बजे तक गणित, सोशल साइंस और साइंस का पेपर होना था।

9वीं का पेपर 29 जनवरी को पहली शिफ्ट में 9.45 से 1 बजे तक हिंदी ए, हिंदी बी और अंग्रेजी का पेपर होना था जबकि 29 तारीख को ही दूसरी शिफ्ट में मैथ और साइंस का पेपर होना था। वहीं 30 जनवरी को एक ही शिफ्ट में 9.45 से 1 बजे तक सोशल साइंस और अतिरिक्त भाषा का पेपर होना था।