नेशनल टेस्ट एजेंसी यानि कि एनटीए ने जेईई मेन 2024 के अप्रैल में आयोजित हुए सीजन 2 पेपर के परिणाम जारी कर दिए हैं। रिजल्ट की घोषणा गुरुवार को कर दी गई। इस परीक्षा में 10 लाख से अधिक स्टूडेंट्स शामिल हुए थे। परीक्षा में बैठने वाले कैंडिडेट्स jeemain.nta.ac.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। इस परीक्षा को पास करने वाले स्टूडेंट्स को देश भर के इंजीनियरिंग संस्थानों में अंडर ग्रेजुएट कोर्सेस में दाखिला मिल पाएगा।

कटऑफ में हुई वृद्धि

जेईई मेन रिजल्ट 2024 में 56 उम्मीदवारों ने 100 प्रतिशत मार्क्स हासिल किए हैं। यह आंकड़ा पिछले साल के मुकाबले काफी बढ़ गया है। 2023 में 43 उम्मीदवारों को 100 प्रतिशत मार्क्स मिले थे। इस हिसाब से पिछले साल के मुकाबले 100 प्रतिशत मार्क्स हासिल करने वाले 13 स्टूडेंट्स बढ़े हैं। इसके अलावा पिछले साल के मुकाबले कटऑप में 2.45 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

2 लड़कियों को मिले 100 प्रतिशत मार्क्स

बता दें कि इस साल जेईई मेन परीक्षा में कुल 9.24 लाख स्टूडेंट्स ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें से 8.2 लाख विद्यार्धी ही जनवरी और अप्रैल में आयोजित हुई जेईई मेन परीक्षा के लिए उपस्थित हुए थे। इस बार के रिजल्ट में कुल 56 उम्मीदवारों ने पेपर 1 (बीई/बीटेक) में 100 प्रतिशत स्कोर हासिल किया है जिसमें से 2 लड़कियां हैं। यह दो लड़कियां कर्नाटक की सानवी जैन और दिल्ली की शायना सिन्हा हैं। पिछले साल सिर्फ एक ही लड़की ने 100 प्रतिशत मार्क्स हासिल किए थे।

कब आयोजित हुई थी परीक्षा?

बता दें कि एनटीए ने जेईई मेन सीजन 2 की परीक्षा को अप्रैल में 4, 5, 6, 8 और 9 तारीख को आयोजित कराया था। जो भी स्टूडेंट्स इस परीक्षा में शामिल हुए थे वह jeemain.nta.ac.in पर जाकर अपना परिणाम चेक कर सकते हैं। इसके लिए स्टूडेंट्स को पोर्टल पर अपनी कुछ जानकारी दर्ज करनी होगी।

महाराष्ट्र के स्टूडेंट्स हैं टॉपर

बात करें टॉपर्स की तो महाराष्ट्र के गजारे नीलकृष्ण ने पहला और संजय मिश्रा ने दूसरा स्थान हासिल किया है। हरियाणा से आरव भट्ट को तीसरा स्थान मिला है। टॉप 10 में सबसे ज्यादा सफल उम्मीदवार तेलंगाना से हैं। इस राज्य से कुल 4 उम्मीदवार टॉप 10 में शामिल हैं। आंध्र प्रदेश से चिंटू सतीश कुमार को 8वीं रैंक मिली है।