राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE) 2023 मुख्य परीक्षा के परिणाम की जल्द घोषणा कर सकता है। जेईई मेन 2023 का परिणाम जेईई मेंस की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किया जाएगा। एनटीए ने 6, 8, 10, 11, 12, 13 और 15 अप्रैल को जेईई मेन सत्र 2 परीक्षा का आयोजन किया था।
जेईई मेन सत्र 2 की परीक्षा दो पालियों में निर्धारित की गई थी, एक सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक। पेपर 1 बीई/बीटेक और पेपर 2 बी.प्लानिंग/बी.आर्क प्रोग्राम के लिए हुई थी। जेईई मेन 2023 सत्र 2 परीक्षा में लगभग 8 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
24 अप्रैल को निकाली गयी थी जेईई मेन 2023 की आंसर की
इससे पहले 24 अप्रैल को, राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने जेईई मेन 2023 के लिए अंतिम उत्तर कुंजी प्रकाशित की थी। हालांकि यह अनुमान लगाया गया था कि परिणाम 25 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे लेकिन एनटीए ने उस तारीख पर परीक्षा परिणाम जारी नहीं किया था। नतीजतन, यह अनुमान लगाया गया है कि एनटीए गुरुवार (27 अप्रैल) को सत्र 2 के लिए जेईई मेन 2023 के परिणाम घोषित करेगा।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने 19 अप्रैल को जेईई मेन की अंतरिम उत्तर कुंजी यानी प्रोविजनल आंसर की जारी की थी, जो जेईई आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। वहीं 24 अप्रैल की शाम फाइनल आंसर की जारी की गयी थी। इस सत्र में उम्मीदवारों और विशेषज्ञों द्वारा अनंतिम उत्तर कुंजी के खिलाफ आपत्ति जताए जाने के बाद एनटीए ने 11 प्रश्नों को हटा दिया था। जेईई मेन क्वालीफाई उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 30 अप्रैल से शुरू होगा। सभी उम्मीदवारों के लिए रजिस्ट्रेशन 7 मई 2023 को शाम 5 बजे समाप्त होगा।
JEE Main 2023 Session 2 Result कैसे चेक करें?
- जेईई मेन 2023 का परिणाम देखने के लिए जेईई मेन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- जेईई मेन्स 2023 रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें।
- अपना जेईई मेन एप्लिकेशन नंबर, पासवर्ड/जन्मतिथि और सिक्योरिटी पिन भरें।
- अब सबमिट बटन पर टैप करें और जेईई मेन रिजल्ट 2023 स्क्रीन पर दिखाई देगा।
- रिजल्ट डाउनलोड करें और अपने जेईई मेन 2023 परिणाम का एक प्रिंट सहेज कर रख लें।