दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में नए अकादमिक सत्र (2016-17) की शुरुआत बुधवार से होगी। 20 जुलाई को शुरू होने जा रहे इस सत्र के लिए कॉलेजों ने अपने स्तर पर तैयारियां भी पूरी कर ली हैं। अधिकतर कॉलेज 20 जुलाई को अपने यहां ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन करने वाले हैं। रैगिंग पर विशेष नजर रहेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि रैगिंग करने वालों का दाखिला तक रद्द हो सकता है।
नए सत्र की शुरुआत कॉलेज ओरियंटेशन प्रोग्राम के साथ कर रहे है। इसमें नए विद्यार्थियों को कॉलेजों के बारे में बताने के साथ-साथ कॉलेज में होने वाली विभिन्न गतिविधियों, सुविधाओं, सोसायटियों आदि के बारे में जानकारी दी जानी है। इस दौरान नए विद्यार्थियों को कॉलेज के शिक्षकों से भी रूबरू कराया जाएगा। कॉलेजों ने इसके लिए पूरी तैयारियां कर लेने का दावा किया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित कई विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर साफ कर दिया है कि कॉलेज रैगिंग पर विशेष नजर रखें। विश्वविद्यालय प्रसाशन के मुताबिक, इस बैठक में कॉलेजों के प्राचार्यों के अलावा दिल्ली पुलिस, डीटीसी, मेट्रो, हॉस्टल के अधिकारियों व विश्वविद्यालय के सुरक्षा में लगे अधिकारियों को इसमें लगाया गया है। हर स्तर पर कड़ी चौकसी बरतने के लिहाज से कॉलेजों में इस बाबत प्राचार्य के नंबर जगह-जगह लगाए जा रहे हैं। ताकि कोई भी छात्र सीधे रैगिंग की शिकायत कर सके।
कॉलेजों को विश्वविद्यालय ने साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी रूप में रैगिंग न होने पाए। कॉलेज को भेजे निर्देश में कॉलेज हेल्पलाइन नंबर सूचना पट्टिकाओं पर प्रदर्शित करने को कहा गया है।