Delhi School Winter Vacation Dates: दिल्ली में ठंड का प्रकोप जारी है। शीतलहर और कोहरे की मार से दिल्लीवासी परेशान हैं। सुबह और शाम कड़ाके की ठंड का सितम कुछ ज्यादा रह रहा है। तापमान 6 डिग्री तक पहुंच रहा है। ऐसे में दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने राहत की खबर दी है। ये राहत स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए है।

दरअसल दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए दिल्ली के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में विंटर ब्रेक का ऐलान किया है। जारी आदेश के हिसाब से दिल्ली के सभी स्कूल 1 से 6 जनवरी तक बंद रहेंगे। अब बच्चों को 8 जनवरी से ही स्कूल जाना होगा। 

ये खबर बच्चों और उनके परिजनों को राहत देने वाली है। इस फैसले का स्वागत किया गया है। हालांकि फिलहाल अभी कम छुट्टियां दी गई हैं। बच्चों को उम्मीद थी कि कम से कम 14 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे। हालांकि ऐसा हुआ नहीं। इसके पीछे कुछ कारण भी बताए जा रहे हैं।

हुआ ये था कि नवंबर महीने में दिल्ली में प्रदूषण बहुत बढ़ गया था। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार ने 9 से 18 नवंबर तक राज्य के स्कूल बंद करने का फैसला किया था। अनाधिकारिक तौर पर बताया जा रहा है कि बच्चों की पढ़ाई पर पहले ज्यादा असर पड़ चुका है इसी कारण फिलहाल 6 जनवरी तक ही छुट्टियां की गई हैं। ताकि स्कूलों में कोर्स खत्म हो सके।

दिल्ली के आसपास के राज्यों में भी ठंड का सितम बढ़ गया है। इस कारण हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में भी स्कूलों की छुट्टी का ऐलान कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश में 14 जनवरी तक स्कूलों की छुट्टी की गई है।