CBSE Result 2023: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की आधिकारिक वेबसाइट पर कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा-2023 के परिणाम जल्द जारी होने की उम्मीद है। सीबीएसई ने इस साल 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 15 फरवरी से 5 अप्रैल के बीच आयोजित की थीं। 12वीं की परीक्षा के लिए कुल 19.9 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। पिछले पांच वर्षों में लड़कियों ने 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में लड़कों से बेहतर प्रदर्शन जारी रखा है और इस साल भी यह रुझान जारी रहने की उम्मीद है।

क्या रहा है पिछले पांच वर्षों का आंकड़ा?

  • साल 2018 में लड़कियों ने 9.32 प्रतिशत के साथ लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया था। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.31 प्रतिशत रहा था जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 78.99 प्रतिशत था।
  • साल 2019 में लड़कियों का पास प्रतिशत 88.70 था जबकि लड़कों का 79.40 प्रतिशत था।
  • साल 2020 में लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत बढ़कर 92.15 प्रतिशत हो गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.45 प्रतिशत अधिक था, जबकि लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 6.79 प्रतिशत बढ़कर 86.19 प्रतिशत रहा। हालांकि 2020 में सीबीएसई ने कोविड-19 के कारण बोर्ड परीक्षाओं को रद्द कर दिया था और छात्रों के मूल्यांकन के लिए बोर्ड द्वारा एक वैकल्पिक तरीके का उपयोग किया गया था।
  • साल 2021 में लड़कों और लड़कियों दोनों के पास प्रतिशत में बढ़ोतरी देखी गई। लड़कियों का पास प्रतिशत 7 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 99.67 प्रतिशत हो गया और लड़कों का पास प्रतिशत लगभग 13 प्रतिशत बढ़कर 99.13 हो गया।गौरतलब है कि 2021 में भी कोविड-19 के कारण परीक्षाएं रद्द कर दी गई थीं।
  • हालांकि 2022 में दोनों के पास प्रतिशत में गिरावट आई। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 5 प्रतिशत से अधिक घटकर 94.54 प्रतिशत और लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत लगभग 8 प्रतिशत घटकर 91.25 प्रतिशत रह गया था।

इस साल दोनों कक्षाओं के लिए लगभग 38,83,710 आवेदन आए थे जिसमें 21,86,940 स्टूडेंट्स ने कक्षा 10वीं और 16,96,770 स्टूडेंट्स ने 12वीं की परीक्षा दी है। परीक्षा में शामिल सभी छात्र परिणाम घोषित होने के बाद विभिन्न प्लेटफार्मों पर परिणाम की जांच कर सकते हैं।