बिहार बोर्ड 10वीं का रिजल्ट रविवार को बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जारी कर दिया। आनंद किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य के टॉपर्स के नाम का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने पासिंग प्रतिशत की जानकारी भी दी। इस बार मैट्रिक परीक्षा परिणाम पिछले 6 साल का सबसे बेहतर आया है। राज्य में कुल 82.91 प्रतिशत बच्चे पास हुए हैं। बिहार बोर्ड मैट्रिक की परीक्षा में पूर्णिया के शिवांकर कुमार ने टॉप किया है। उन्हें 500 में से 489 मार्क्स मिले हैं।
लड़कों के मुकाबले लड़कियां हुईं अधिक पास
बात करें लड़के और लड़कियों की तो लड़कों के मुकाबले एकबार फिर लड़कियों ने बाजी मार ली है। मैट्रिक परीक्षा में पास करने के मामले में लड़कियों की संख्या लड़कों की तुलना में अधिक है। बीएसईबी मैट्रिक परीक्षा के लिए कुल 16,64,252 उम्मीदवार उपस्थित हुए, जिनमें से 8,58,785 लड़कियां और 8,05,467 लड़के हैं। इसमें से 6,99,549 लड़कियां और 6,80,293 लड़के पास हुए हैं।
4.5 लाख बच्चे फर्स्ट डिवीजन से पास
बीएसईबी बिहार बोर्ड मैट्रिक परिणाम में कुल 4,52,302 छात्रों ने फर्स्ट डिवीजन हासिल की है जिनमें से 2,52,846 लड़के और 1,99,456 लड़कियां हैं। इसी तरह सेकेंड डिवीजन छात्रों के पास होने की संख्या 5,24,965 है। इसमें 2,52,121 लड़के और 2,572,844 छात्राएं शामिल हैं।
टॉपर्स को प्राइज मनी देगी सरकार
बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा के टॉपर्स को सरकार की ओर से प्राइज मनी मिलेगी। पहले स्थान पर रहे शिवांकर को 1 लाख रुपए और एक लैपटॉप मिलेगा। हालांकि पिछले सरकार की ओर से किंडल ई बुक रीडर भी टॉपर को मिला था जो इस बार नहीं है। दूसरे स्थान पर रहने वाले को 75 हजार रुपए और एक लाख रुपए मिलेगा। तीसरे रैंक हासिल करने वाले स्टूडेंट्स को 50 हजार रुपए और एक लैपटॉप मिलेगा।
