अब उन्होंने पलटवार किया है। पेशे से वकील मीना लेखिका के तौर पर भी अमेरिका में काफी मशहूर हैं। उन्होंने हाल ही में किसान आंदोलन के समर्थन में ट्वीट किया और उसके बाद वह भारतीय सोशल मीडिया उपयोक्ताओं के एक धड़े के निशाने पर आ गईं।

हालांकि, उन्होंने फिर मजबूती से पलटवार किया और ट्विटर पर लिखा, ‘मैं डरूंगी नहीं और चुप नहीं रहूंगी।’ दरअसल, इससे पहले उन्होंने ट्वीट किया था, ‘यह इत्तेफाक नहीं है कि दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र पर एक महीने पहले हमला किया गया था और अभी दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र हमले का शिकार है। यह आपस में जुड़ा हुआ है। हम सभी को भारत में इंटरनेट बंदी और किसानों के खिलाफ अर्धसैनिक बलों की हिंसा के खिलाफ गुस्सा होना चाहिए।’ इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर खूूूब ट्रोल किया जाने लगा। मीना ने ट्रोल करने वालों को जो जवाब दिया वह अब और भी ज्यादा वायरल हो रहा है।

मीना ने एक तस्वीर भी जारी की, जिसमें कुछ लोग उनका पोस्टर जला रहे हैं। उन्होंने लिखा है, ‘मैंने भारतीय किसानों के मानवाधिकारों के समर्थन में बोला और प्रतिक्रिया देखिए।’ उन्होंने इसके बाद फिर लिखा, ‘अजीब लगता है जब आप एक कट्टरवादी भीड़ के हाथों अपनी तस्वीर जलती देखते हैं लेकिन सोचिए वे क्या करते अगर हम भारत में रहते। मैं बताती हूं- मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ रहीं 23 साल की नवदीप कौर को गिरफ्तार किया गया और पुलिस हिरासत में प्रताड़ित किया गया, यौन प्रताड़ना दी गई। उन्हें बिना जमानत 20 दिन से हिरासत में रखा गया है।’

मीना कमला हैरिस की बहन माया की बेटी हैं। प्रतिष्ठित स्टैनफर्ड और हार्वर्ड लॉ विश्वविद्यालय से पढ़ाई करने वाली मीना ने डेटा प्राइवेसी और साइबर सिक्योरिटी के लिए अटॉर्नी के तौर पर काम किया है। वह न्यूयॉर्क टाइम्स की बेस्ट सेलिंग लेखिका भी हैं। कुछ ही हफ्ते पहले उनकी किताब ‘एंबीशियस गर्ल’ बाजार में आई है। उन्होंने अपनी मां और मौसी कमला पर भी एक पिक्चर बुक ‘कमला एंड मायाज बिग आइडिया’ लिखी है। सामाजिक न्याय की वकालत करने वाली हैरिस ने 2016 में ‘फिनोमिनल वुमन एक्शन कैंपेन’ चलाया था।

मीना हैरिस की फैमिली में उनके पति निकोलस अजागू और दो बेटियां भी हैं। उनकी पहचान 2020 में बढ़ी, जब इनकी मौसी कमला हैरिस अमेरिकी चुनाव के लिए प्रचार कर रही थीं, उस वक्त मीना ने ‘कमला एंड मायाज बिग आइडिया’ नाम की किताब जारी की। इस किताब में उनकी मां, मौसी और दादी श्यामला गोपालन हैरिस के जीवन के बारे में बताया गया हैं। मीना हैरिस की मां का परिवार भारत में चेन्नई (तमिलनाडु) में रहता था। मीना हैरिस अक्सर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी भारतीय विरासत का सम्मान करती हैं।

अमेरिका में पिछले साल चुनाव प्रचार के दौरान जब एक अमेरिकी राजनीतिज्ञ ने कमला हैरिस के भारतीय नाम पर एक चुटकी ली, तो मीना हैरिस उन लोगों में से एक थीं जिन्होंने अपने गैर-अमेरिकी नामों पर गर्व व्यक्त किया।