टाइम्स नाऊ और ईटी नाऊ के एडिटर इन चीफ अरनब गोस्वामी ने टाइम्स ग्रुप छोड़ने का एलान कर दिया है। अरनब के इस एलान के जानकार लोगों का कहना है कि उन्होंने नया चैनल लाने का इशारा किया है। द क्विंट की खबर के अनुसार टाइम्स ग्रुप की एडिटोरियल बैठक के दौरान अरनब ने कहा, ”स्वतंत्र मीडिया आने वाले समय में कामयाब होने वाला है। खेल अब शुरू हुआ है।” बताया जाता है कि मीटिंग के दौरान अरनब ने एक घंटे के अपने भाषण में कम से कम 15 बार ‘खेल अब शुरू हुआ है’ कहा। रिपोर्ट के अनुसार अरनब ने जब टाइम्स ग्रुप छोड़ने का एलान किया उस समय मुंबई ब्यूरो के सभी कर्मचारी मौजूद थे। साथ ही दिल्ली ब्यूरो को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जोड़ा गया। उनके एलान से सारे कर्मचारी चकित रह गए। बताया जा रहा है कि अरनब पिछले छह महीने से दूसरे ग्रुप के साथ मिलकर नया टीवी चैनल लॉन्च करने और डिजिटल न्यूज पोर्टल लाने पर बात कर रहे थे। सूत्रों के अनुसार अरनब ने बताया कि उनका नया प्रोजेक्ट बीबीसी और सीएनएन के लिए कड़ी चुनौती साबित होगा।
अरनब के शो के चलते हाल के दिनों में टाइम्स नाऊ की टीआरपी में जोरदार बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। टाइम्स नाऊ 2005 में शुरू हुआ था और इसके बाद से काफी प्रसिद्धि हासिल की है। हालांकिे उनका शो न्यूजआवर पहली बार 2007 में नंबर वन प्राइम टाइम न्यूज शो बन पाया था। तब से लगातार यह शो चर्चित और विवादित रहा है। शो को अरनब पूरी तरह अपने हिसाब से चलाते रहे हैं और मेहमानों को अपनी मर्जी से ही बोलने का मौका देते रहे हैं। इस और कई दूसरी वजहों से उन्हें कई बार आलोचना का सामना भी करना पड़ा है।
अरनब के जाने से टाइम्स नाऊ के लिए मुश्किल हो सकती है। उन्हें अब नया चेहरा ढूंढ़ना होगा जो अरनब की जगह ले सके। बीते 10 सालों में अरनब टाइम्स नाऊ के इकलौते चेहरे बन गए थे। उन्होंने अपना करियर 1995 में कोलकाता स्थित दैनिक द टेलीग्राफ से शुरू किया था। लेकिन वहां ज्यादा दिन नहीं रहे और उसी साल दिल्ली में एनडीटीवी से जुड़ गए। यहां पर वे डीडी मेट्रो पर आने वाले एनडीटीवी के कार्यक्रम न्यूज टुनाइट के लिए रिपोर्टिंग किया करते थे।
जब 1998 में एनडीटीवी स्वतंत्र टीवी चैनल के तौर पर लॉन्च हुआ तो वो चैनल में प्रोग्राम प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़े। एनडीटीवी पर वो न्यूज आवर कार्यक्रम लेकर आते थे। उन्होंने 2003 तक इस कार्यक्रम के लिए एंकरिंग की। थे। इस चैनल में उन्होंने लंबी पारी खेली और नेशनल न्यूज डेस्क के हेड तक बने। गोस्वामी 2006 में टाइम्स नाऊ के एडिटर इन चीफ बनकर चले गए। तभी से वो चैनल की प्राइम टाइम डिबेट द न्यूजआवर को होस्ट कर रहे थे।