यह महिला मोबाइल पर बातचीत कर रही थी और अचानक वो जाकर सांपों पर बैठ गई। सांप ने उसी वक्त उसे डस लिया। यह मामला बीते बुधवार (11-09-2019) का है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के रियानव गांव में हुई इस घटना के बाद सभी हतप्रभ हैं। जानकारी के मुताबिक मृतक महिला का नाम गीता है। गीता के पति थाईलैंड में नौकरी करते हैं। इस दिन गीता काफी देर से मोबाइल पर अपने पति से बातचीत कर रही थी।

इस दौरान घर में अचानक दो सांप घुस गए और यह दोनों सांप एक कमरे में लगे बिस्तर पर बैठ गए। हालांकि घर में आए इन सांपों पर महिला की नजर नहीं पड़ी। मोबाइल पर बात करते-करते गीता भी इस कमरे में घुसी लेकिन उसकी नजर बिस्तर पर बैठे इन दोनों सांपों पर नहीं पड़ी। पति से बात करते हुए गीता बिस्तर पर सांपों के ऊपर ही बैठ गई। सांपों ने पलभर में महिला को डस लिया।

सांपों का जहर शरीर पर तुरंत फैलने की वजह से गीता पलभर में बेहोश हो गई। घर के बाकी सदस्यों की जब उसपर नजर पड़ी तो वो लोग उन्हें लेकर नजदीकी अस्पताल गए जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हैरानी की बात यह भी है कि जब परिवार के सदस्य अस्पताल से वापस घर लौटे तब भी यह सांप उसी बिस्तर पर बैठे थे।

गुस्साए परिवार वालों ने इन दोनों सांपों को पीट-पीट कर मार डाला। इधर वेटिनरी विशेषज्ञों ने बताया है कि यह दोनों सांप मेटिंग कर रही थी उसी वक्त यह महिला उनपर बैठ गई जिसकी वजह से गुस्से में आकर उन्होंने उसे काट लिया।

बता दें कि इससे पहले इसी साल अगस्त के महीने में दिल्ली से भी एक ऐसी ही खबर आई थी। यहां शाहदरा इलाके में सांप ने 12 साल के बच्चे को काट लिया था। इस घटना में बच्चे की मौत हो गई थी। उस वक्त जानकारी मिली थी कि यह बच्चा अपने घर में बिस्तर पर सो रहा था तब ही उसे एक सांप ने डस लिया था। (और…CRIME NEWS)