कैब ड्राइवर द्वारा महिला से बदसलूकी किये जाने का एक और मामला प्रकाश में आया है। कैब प्रदान करने वाली कंपनी ऊबर के एक ड्राइवर ने कैब में कोलकाता की एक महिला सिंगर के साथ बदतमीजी की। जानकारी के मुताबिक इस महिला सिंगर ने अपने मोबाइल फोन से कैब बुक किया। कार में महिला सिंगर की बूढी मां भी उनके साथ थीं। रास्ते में कैब का ड्राइवर फोन पर बात करते हुए गाड़ी चला रहा था। महिला सिंगर ने कैब ड्राइवर को पहले चेतावनी दी कि वो गाड़ी सावधानी पूर्वक चलाए। फोन पर बात करते हुए गाड़ी चलाने से कोई हादसा ना हो जाए इसीलिए महिला सिंगर ने ड्राइवर को टोका था। लेकिन ड्राइवर ने ऐसा करने से इनकार कर दिया वो फिर गाड़ी चलाते हुए फोन पर बात करने लगा। इसके बाद महिला सिंगर ने ड्राइवर को ऐसा करने से मना किया और उसे अपना फोन बंद करने को कहा।

महिला सिंगर की यह बात सुनकर कैब का ड्राइवर नाराज हो गया। वो महिला के साथ बदतमीजी बातचीत करने लगा। उसने महिला को धमकी दी कि अगर उन्होंने मुंह खोला तो उसके पास उनके घर का पता है वो उन्हें उनके घर पर ले जाकर उनका रेप कर देगा। खतरे को भांपते हुए इस महिला ने ट्रैफिक सिग्नल पर कैब के रुकते ही वहां तैनात पुलिस वाले को चिल्ला कर आवाज लगाई। पुलिस ने इस मामले में तुरंत एक्शन लिया और कैब को सीज कर लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कैब के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने कैब ड्राइवर के खिलाफ केस भी दर्ज करवाया है। ड्राइवर पर छेड़खानी करने और हत्या की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।

इधर इस शर्मनाक घटना की जानकारी मिलने के बाद कैब कंपनी ऊबर की तरफ से भी प्रतिक्रिया आ गई है। उबर ने बयान जारी कर महिला से ड्राइवर की गलती के लिए माफी मांगी है। कंपनी की तरफ से यह भी कहा गया है कि इस मामले में वो निश्चित तौर से कैब के ड्राइवर पर कार्रवाई करेगी। बता दें कि कैब के ड्राइवर द्वारा किसी महिला से बदसलूकी करने का यह कोई पहला मामला नहीं है।

इससे पहले भी ऐसे कई मामले सामने आते रहे हैं। इसी साल अप्रैल के महीने में ओला कैब में एक महिला के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई थी। इस महिला के साथ कैब के ड्राइवर और उसके दो साथियों ने गैंगरेप किया था। साल 2014 में दिल्ली में उबर चालक शिवकुमार यादव ने एक महिला एग्जीक्यूटिव के साथ रेप किया था। इस मामले में शिवकुमार यादव को उम्रकैद की सजा भी हुई थी।