इस महिला ने दिल्ली की एक अदालत को बताया कि जब वो महज 4 साल की थी तो उनके रिश्तेदार ने उनके साथ दुष्कर्म किया। महिला के मुताबिक 3 बार उनका गर्भपात भी कराया गया था। मंगलवार (10-12-2019) को अदालत में जब महिला ने अपना दर्द बयां किया तो उन्होंने कई चौंकाने वाली बातें बताईं। पीड़िता के मुताबिक जब वो काफी छोटी थीं तब उनके मामा ने कई बार उनका गर्भपात कराया। 40 साल की हो चुकी इस पीड़िता ने अब आरोपी के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाते हुए उसे आखिरकार न्याय की चौखट पर ला खड़ा किया है।

पीड़िता का आरोप है कि साल 1981 में उनके साथ पहली बार रेप किया गया और उस समय उनकी उम्र 4 साल थी। 10वीं क्लास तक उनका तीन बार गर्भपात भी कराया गया। इस मामले में पीड़िता ने सबसे पहले साल 2016 में एफआईआर दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि आरोपी शख्स पीड़िता की सौतेली बहन का पति भी है।

पीड़िता ने अदालत को बताया कि वर्ष 1981 में पहली बार दुष्कर्म करने के बाद आरोपी ने उनके साथ कई बार यह घिनौना कृत्य किया। साल 2014 में जब उनका तलाक हुआ उस समय तक भी उनके साथ यह गंदा काम हुआ था।

कोर्ट को पीड़िता ने एक चौंकाने वाली बात यह भी बताई कि उन्होंने इस शख्स की करतूतों के बारे में अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों को भी बताया लेकिन किसी ने भी उनकी मदद नहीं की। इतना ही नहीं महिला के मुताबिक जिस किसी रिश्तेदार के पास वो अपनी फरियाद लेकर गई उन्होंने उससे कहा कि वो इस बारे में किसी को ना बताए।

पीड़िता के मुताबिक बाद में इस शख्स की शादी उनकी सौतेली बहन से हो गई और वो उनके घर में ही रहने लगा। शादी के बाद भी यह युवक उनके साथ गंदी हरकतें करता था। पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी के बेटे और अन्य रिश्तेदारों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी। बहरहाल अभी इस मामले में न्यायिक प्रक्रिया आगे भी जारी है।