इस महिला का अपने ही देवर से अवैध संबंध था। महिला का पति बजरंगी सिंह लुधियाना में काम करता था। जब कभी वो काम से लौट कर अपने घर वापस बिहार आता था तो पत्नी के अवैध संबंधों को लेकर उसका झगड़ा अपनी पत्नी से होता था। लेकिन देवर के इश्क के पड़ी इस महिला ने आखिरकार अपने पति को रास्ते से हटाने के लिए एक भयानक साजिश रची डाली। इस महिला ने जिस तरह से इस साजिश को अंजाम दिया उसे सुनकर आप हैरान रह जाएंगे। यह मामला पटना के बाढ़ का है। यहां के पूरनबिगहा गांव में रहने वाले बजरंगी सिंह पिछले कुछ महीनों से अचानक लापता हो गए थे। चूकी बजरंगी सिंह दूसरे राज्य में कमाने के लिए जाते थे लिहाजा आसपास के लोगों को लगा कि बजरंगी कमाने के लिए बाहर गए हुए हैं।
लेकिन शुक्रवार (01-03-2019) को अचानक बाढ़ स्थित बजरंगी सिंह के घर से कुछ हड्डियां मिलीं। आसपास के लोग इन हड्डियों को देखकर हैरान रह गए। शुरू में तो इलाके के लोगों को यह सामान्य घटना लगी लेकिन फिर उन्हें कुछ शक हुआ, जिसके बाद इन लोगों ने पुलिस को इस बात की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गहनता के साथ तफ्तीश शुरू की तो वह समझ गई कि यह मामला उतना सरल भी नहीं जितना नजर आ रहा है। जांच करते-करते पुलिस बजरंगी सिंह के घर के एक कमरे में पहुंची और उसने कमरे में खुदाई करवाई। मिट्टी की थोड़ी ही खुदाई करने के बाद वहां नर-कंकाल मिलने से पुलिस भी हैरान रह गई।
अब पुलिस ने बजरंगी सिंह की पत्नी मिकी सिंह से इस बारे में पूछताछ शुरू की। पुलिस की कड़ी पूछताछ से घबराई मिकी ने एक के बाद एक कई चौंकाने वाले खुलासे किये। उसने पुलिस को बताया कि उसका अपने देवर चंद्रशेखर से अवैध संबंध था और उसका पति इस बात से नाराज रहता था। अपने पति को रास्ते से हटाने के लिए उसने करीब 7 महीने पहले चंद्रशेखर के साथ मिलकर बजरंगी की हत्या कर दी। किसी को इस बात का शक ना हो इसके लिए दोनों ने मिलकर बजरंगी के शव के टुकड़े कर उसे घर में ही दफना दिया। मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने तुरंत मिकी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं चंद्रशेखर के बारे में पुलिस को यह सूचना मिली कि वो कमाने के लिए दिल्ली गया हुआ है। पुलिस अब चंद्रशेखर को पकड़ कर उसे उसके अंजाम तक पहुंचाने की कोशिश में लगी है। (और…CRIME NEWS)
