आज बात जुर्म की दुनिया की उस गैंगस्टर की जिसने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर बैंक डकैती और कई हत्याओं को अंजाम दिया। अमेरिका की मशहूर लेडी गैंगस्टर बोनी पार्कर का जन्म टेक्सास के रोवेना में साल 1910 में हुआ। जन्म के बाद उसके गैंगस्टर बनने और इस गैंगस्टर की मौत की कहानी इतनी दिलचस्प है कि इसपर फिल्म भी बन चुकी है। बोनी पार्कर औऱ उसके बॉयफ्रेंड क्लायड बैरो की मौत के बाद साल 1992 में ‘Bonnie & Clyde: A True Story’ नाम से एक फिल्म भी बनी थी।
कहा जाता है कि साल 1930 के शुरुआती महीनों में बोनी पार्कर की मुलाकात क्लायड से टेक्सास में हुई थी। उस वक्त 19 साल की बोनी ने मर्डर के आरोपी क्लायड से शादी रचाई थी। हालांकि एक डकैती के आरोप में क्लायड इसके बाद पकड़ा गया लेकिन वो जेल से भागने में कामयाब हो गया। हालांकि उसे पुलिस ने फिर पकड़ लिया और फिर साल 1932 में उसे पैरोल पर रिहा किया गया। इसी साल बोनी औऱ क्लायड ने मिलकर एक कुख्यात गैंग बनाया और यह गैंग हत्या तथा डकैती के लिए पूरे अमेरिका में मशहूर हो गया।
जारी हुआ वारंट
एक कार चोरी की जांच कर रही एफबीआई की टीम को जांच के दौरान एक अन्य कार के चोरी होने की खबर मिली। जांच-पड़ताल जब आगे बढ़ी तो चोरी के दोनों कारों का लिंक बोनी और क्लायड से जुड़ा मिला। एफबीआई ने 20 मई, 1933 को इन दोनों के खिलाफ वारंट जारी कर दिया। साल 1933 में ही क्लायड बैरो और बोनी पार्कर पर गोलीबारी के मामले भी दर्ज हुए।
बताया जाता है कई बार पुलिस को छकाने के बाद साल 1934 में इन दोनों ने मिलकर जेल से 5 कैदियों को भगाने को मदद की और 2 सुरक्षाकर्मियों को गोली मार मौत के घाट उतार दिया। इसी साल इन दोनों पर 2 पुलिसकर्मियों की हत्या का आरोप भी लगा। मियामी में इस कपल ने एक पुलिस कॉन्स्टेबल की भी हत्या की थी।
13 मर्डर और कई डकैतियों का आरोप
एक वक्त था जब पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुका यह कपल अमेरिका में दहशत का पर्याय बन चुका था। कहा जाता है कि इन लोगों ने कुल 13 हत्याओं औऱ चोरी तथा डैकती की कई वारदातों को अंजाम दिया और पुलिस की आंखों में धूल झोंकने में कामयाब भी रहे।लेकिन कहा जाता है कि जुर्म की उम्र बड़ी नहीं होती। 23 मई 1934 को बोनी पार्कर और उसका बॉयफ्रेंड अपनी कार से कहीं जाने की तैयारी में थे। इस दिन कार में बैठने से पहले इन दोनों ने एक दूसरे को KISS किया और अपनी मंजिल की तरफ बढ़े। इत्तिफाक से पुलिस को इनके मूवमेंट की जानकारी मिल गई। लुईसियाना के पास गिब्लैंड औऱ सैलेस हाईे पर पुलिस ने अचानक इनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया।
एफबीआई के मुताबिक इस दौरान इन दोनों की पुलिस टीम से भिड़त हुई। पुलिस की तरफ से सैकड़ों राउंड फायरिंग की गई। इस मुठभेड़ में बोनी पार्कर और क्लायड के आतंक का अंत हो गया। 23 साल की उम्र में बोनी और 25 साल की उम्र में क्लायड पुलिस के साथ एनकाउंटर में मारे गये।

