तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के चक्कर में पड़कर अक्सर लोग अपना बड़ा नुकसान करा बैठते हैं। आज एक ऐसी महिला की कहानी जिसने तांत्रिक के चक्कर में पड़कर अपनी जिंदगी तबाह कर ली। बीते मंगलवार (25 जून, 2019) को यह महिला अपने मकान में खून से लथपथ मिली। महिला का यह अंजाम कैसे हुआ? क्या है इसके पीछे की पूरी कहानी? यह जानकर आप चौंक जाएंगे। जानकारी के मुताबिक यह महिला और उसका पार्टनर बिहार के रहने वाले हैं। दोनों पहले से ही शादीशुदा थे और रिश्ते में देवर-भाभी। युवक का नाम अरुण है और उसे छह बच्चे हैं जबकि महिला को दो। यह दोनों तीन साल पहले करीब आए थे और फिर बाद में दोनों दिल्ली आकर लिव इन में रहने लगे।
नई दिल्ली के इंडस्ट्रियल एरिया नरेला के पॉकेट 4 में यह महिला अपने लिव इन पार्टनर अरुण के साथ रह रही थी। यहां रहने के दौरान महिला का परिचय आजादपुर इलाके में रहने वाले एक तांत्रिक से हुआ। यह महिला धीरे-धीरे तांत्रिक की बातों में आ गई और फिर वो सबकुछ करने लगी जो उससे यह तांत्रिक कहा करता था। दरअसल यह महिला चाहती थी कि वो अपने पार्टनर को अपने वश में रखे। अरुण को वश में रखने के लिए उसने तांत्रिक के कहने पर उसे खून पिलाना शुरू कर दिया। वो अक्सर खाने में खून मिलाकर अपने प्रेमी को दिया करती थी। महिला का मानना था कि खून पिलाने से उसके प्रेमी पर कोई अन्य महिला नजर नहीं डाल पाएगी। अंधविश्वास के चक्कर में आकर यह महिला काले कपड़े पहनती थी। इतना ही नहीं अरुण जिस कंघी से अपने बाल संवारता था उस कंघी में लगे उसके दो-चार बालों को भी यह महिला सहेज कर अपने पास रख लेती थी।
महिला की इन आदतों से अरुण काफी तंग आ चुका था। नाराज होकर अरुण ने सोमवार को अपनी पार्टनर पर बुरी तरह से हमला कर दिया। उसने महिला के सिर पर किसी भारी चीज से हमला कर दिया। इस हमले में महिला बुरी तरह से जख्मी हो गई। महिला को बुरी तरह से घायल करने के बाद अरुण मौका-ए-वारदात से फरार हो गया। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस ने महिला को घर से निकालकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर उसके पार्टनर अरुण की तलाश शुरू की। पुलिस ने फोन सर्विलांस के आधार पर अरुण को देहरादून से पकड़ा। इस मामले में पुलिस ने कानून के मुताबिक कार्रवाई की। (और…CRIME NEWS)
