‘कई बार रेप उसने किया, 2 लोगों को फार्म हाउस में जला भी डाला।’ मुंबई पुलिस के एक इंस्पेक्टर पर यह सनसनीखेज आरोप लगने के बाद से हड़कंप मच गया है। मूल रूप से रूस की रहने वाली एक महिला ने पीम्परी-चिंचवाड़ पुलिस थाने में तैनात एक इंस्पेक्टर के खिलाफ जो भी आरोप लगाए हैं उसे सुनकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। इस मामले में मुंबई पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और हत्या की जांच भी शुरू कर दी गई है। आरोपी पुलिस अधिकारी की पहचान अनिल जाधव के तौर पर हुई है। मुंबई पुलिस के प्रवक्ता डीसीपी प्रणय अशोक ने कहा है कि महिला के बयान के आधार पर अनिल जाधव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया है।
बॉलीवुड में काम ढूंढ रही थी महिला: एक रिपोर्ट के मुताबिक यह महिला बॉलीवुड में काम की तलाश में भारत आई थी। कुछ महीनों बाद उसका पासपोर्ट एक्सपायर हो गया। जिसके बाद कुछ लोगों ने उसे सलाह दी कि वो इंस्पेक्टर अनिल जाधव से मदद की अपील करे।
महिला ने पुलिस को बताया है कि साल 2004 में वो पहली बार इस पुलिस वाले से मिली थी। जाधव ने महिला से कहा था कि वो उन्हें कुछ फिल्म निर्माताओं से मिलवाएगा ताकि उन्हें काम मिल सके। महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि जाधव ने उन्हें फर्जी कागज उपलब्ध कराया था जिसके जरिए वो अपनी पहचान छिपा कर भारत में रह रही थीं।
इंस्पेक्टर ने कराया गर्भपात: महिला के मुताबिक चेंबूर इलाके के एक होटल में पुलिस इंस्पेक्टर ने साल 2008 में पहली बार उनके साथ रेप किया। जब वो प्रेग्नेंट हुई तो इस पुलिस वाले ने उनपर गर्भपात कराने का दबाव भी बनाया। साल 2013 में यह महिला नवी मुंबई के खरघर में शिफ्ट हो गईं और यहां उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया।
35 साल की इस महिला का कहना है कि पुलिस अधिकारी ने शादी का झांसा देकर उससे कई बार रेप किया। महिला का दावा है कि उसका 5 साल के एक बेटा है जो अनिल जाधव का ही है। महिला के मुताबिक इंस्पेक्टर ने 2 बार उनका गर्भपात भी कराया।
2 लोगों को जला डाला: एक और रिपोर्ट के मुताबिक इस महिला ने उजबेकिस्तान से भारत लौटने के बाद अपनी शिकायत दर्ज कराई है। इस महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि अनिल जाधव उसे ड्रग्स देते थे और कई साल तक उनका रेप करते रहे।
महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि एक अन्य महिला की मौत ड्रग्स के ओवरडोज की वजह से हो गई थी। इस महिला को अनिल जाधव ने साल 2016 में अपने फार्महाउस में जला दिया था। लेकिन जब इस महिला का भाई अपनी बहन को तलाशते हुए वहां आया तो ऑफिसर ने उसे गोली मार दी और उसे भी फार्महाउस में जला दिया।
बहरहाल एक पुलिस इंस्पेक्टर पर इतने गंभीर आरोप लगने के बाद अब मुंबई पुलिस इस मामले की गहनता से तफ्तीश में जुट गई है। (और…CRIME NEWS)

