मुंबई के ठाणे से एक दिल को दुखाने वाली घटना सामने आई है। यहां 26 साल की एक महिला ने अपने अपार्टमेंट में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस घटना में उसकी एक साल की बेटी की भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, महिला रक्षाबंधन मनाने के लिए अपनी बहन के घऱ जाना चाहती थी मगर उसके पति ने मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों में बहस शुरू हो गई जो बाद में झगड़े में बदल गई। महिला का कहना था कि वह रक्षाबंधन के लिए बहन के घर जाना चाहती है मगर उसके पति ने कहा कि एक साल की बेटी को लेकर बाहर जाना अभी ठीक नहीं है। बाहर भीड़ है। बच्ची को परेशानी हो सकती है। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ जिसके बाद महिला ने अपनी जान दे दी।

रक्षाबंधन मनाने के लिए बहन के घर जाना चाहती थी पत्नी

पुलिस के मुताबिक, प्रियंका मोहिते अपने पति महेश और बेटी ध्रुवी के साथ घोड़बंदर रोड पर जॉय स्क्वायर पर रहती थी। एक अधिकारी ने कहा कि वह रक्षा बंधन मनाने के लिए बुधवार को सतारा में अपनी बहन के घर जाना चाहती थी लेकिन उसके पति ने एक साल की बेटी के साथ यात्रा न करने की सलाह दी। इससे दोनों के बीच झगड़ा होने लगा।

खून से लथपथ पड़ी थीं मां-बेटी

पुलिस ने आगे कहा कि गुरुवार रात उनके बीच फिर से झगड़ा हुआ जिसके बाद महिला ने आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने कहा कि जब शख्स खिड़की के पास गया तो देखा कि महिला और बच्ची खून से लथपथ पड़ी थीं। अधिकारियों ने बताया कि दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कासारवाडवली पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की है। एक अधिकारी ने कहा कि वे मामले की जांच कर रहे हैं। “हम घटना के सटीक तथ्यों का पता लगाने के लिए उसके पति और परिवार के अन्य सदस्यों का बयान दर्ज कर रहे हैं। फिलहाल हमें पता चला है कि दोनों के बीच मौखिक विवाद हुआ था जिसके कारण उसने यह कदम उठाया।” मामले में आगे की कार्रवाई का जा रही है।