पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के खिलाफ हाल ही में इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। गोल्डी बराड़ के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने के अनुरोध को सीबीआई ने 2 जून को इंटरपोल के पास भेजा था। बताया जाता है कि गोल्डी बराड़ कनाडा में है और वह साल 2021 में स्टूडेंट वीजा पर वहां गया था। ऐसे में जान लेते हैं कि आखिर यह रेड कॉर्नर नोटिस है क्या और किसके खिलाफ जारी किया जाता है, लेकिन उससे पहले हमें इंटरपोल के बारे में जानना जरूरी है।
क्या है इंटरपोल: यह एक तरह का अंतरराष्ट्रीय पुलिस संगठन है। वर्तमान में इस संगठन से 190 से ज्यादा देश जुड़े हुए हैं। किसी भी अपराधी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने के लिए उस देश को इंटरपोल का सदस्य होना अनिवार्य होता है। केवल सदस्य देश ही इंटरपोल को किसी अपराधी के खिलाफ रेड नोटिस जारी करने का अनुरोध कर सकते हैं। किसी भी देश द्वारा किये गए रेड कॉर्नर नोटिस के अनुरोध की एक टीम जांच करती है और इस बात की तस्दीक करती है कि अपराधी के अपराध रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने के पैमानों पर सही हैं या नहीं।
क्या है रेड कॉर्नर नोटिस: इंटरपोल द्वारा जारी किए जाने वाले रेड कॉर्नर नोटिस को आधिकारिक तौर पर रेड नोटिस से संबोधित किया जाता है। रेड नोटिस जारी करने के पीछे एकमात्र उद्देश्य यही होता है कि इंटरपोल से जुड़े दुनियाभर के सभी पुलिस संगठनों में इस बात की जानकारी दी जाए कि अमुक अपराधी कानून की गिरफ्त से बचने के लिए देश छोड़ सकता है या छोड़ चुका है। सीधे तौर पर इस नोटिस का काम अलग-अलग देश की पुलिस सेवा को नोटिस वाले अपराधी के प्रति सचेत करना होता है।
किसे जारी होता है रेड नोटिस: रेड कॉर्नर नोटिस कोई अंतरराष्ट्रीय गिरफ्तारी का वारंट नहीं होता है। यह नोटिस केवल इसलिए होती है कि देश छोड़कर भागे हुए अपराधी की तलाश के लिए सभी पुलिस सेवाओं को सचेत किया जाए और यदि किसी भी तरह की सूचना मिलती है तो उसे कानूनी प्रक्रिया को पूरा कर वापस उस देश भेज दिया जाए, जहां उसने अपराध किया है।
नोटिस जारी करने की कई शर्तें: रेड नोटिस जारी करने की भी कई शर्तें होती हैं। जिस अपराधी के लिए रेड नोटिस का अनुरोध किया गया हो; उससे जुड़ी जरूरी जानकारी (जैसे: नाम, जन्मतिथि, राष्ट्रीयता, लंबाई, बालों और आंखों का रंग, अपराध) आवेदन में शामिल हो। रेड नोटिस केवल ऐसे केसों के संबंध में जारी किया जाता है, जो गंभीर अपराध की श्रेणी में आते हैं। इंटरपोल रेड नोटिस के अलावा येलो नोटिस, ब्लू नोटिस, ब्लैक नोटिस, ग्रीन नोटिस, ऑरेंज नोटिस और पर्पल नोटिस भी जारी करता है।
अब तक इतने जारी हुए रेड नोटिस: अंतरराष्ट्रीय पुलिस संगठन इंटरपोल के मुताबिक, अब तक 69 हजार से ज्यादा अपराधियों के खिलाफ रेड नोटिस जारी किया जा चुका है। जिनमें से केवल साढ़े सात हजार रेड नोटिसों को ही सार्वजनिक किया गया है। आंकड़ों के मुताबिक, बीते साल 2021 में इंटरपोल ने 10 हजार से ज्यादा रेड नोटिस जारी किए थे।