उत्तराखंड में पुलिस ने एक ऐसे शातिर को पकड़ा है जो महिलाओं को झूठे प्रेम जाल में फंसा उनका यौन शोषण करता था। पुलिस ने इस शख्स को चंपावत जिले से पकड़ा है। आरोपी शख्स का नाम दीपक सिंह बोहरा बताया जा रहा है। 25 साल का दीपक जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया करता था उसके बारे में जानकर आप भी चौंक जाएंगे।

क्राइम शो देखकर बनाता था प्लान: पुलिस की माने तो दीपक ने कबूल किया है कि महिलाओं के यौन शोषण का यह आइडिया उसे क्राइम शो देखकर आया। उसने शो देखने के बाद एक भयानक प्लान तैयार किया और फिर एक के बाद कई घिनौनी वारदातों को अंजाम देता चला गया। दीपक ने हरियाणा के अलग-अलग जिलों की रहने वाली कई महिलाओं को अपना शिकार बनाया।

सोशल नेटवर्किंग साइट का किया इस्तेमाल: जानकारी मिली है कि दीपक महिलाओं से दोस्ती के लिए सोशल नेटवर्किंग साइट का इस्तेमाल करता था। वो महिलाओं को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता था। रिक्वेस्ट एक्सेप्ट हो जाने के बाद वो धीरे-धीरे उनसे दोस्ती बढ़ाता और फिर उन्हें अपने प्रेम जाल में फंसाता था। मौका पाकर दीपक महिलाओं से उनकी तस्वीरें मांग लेता था या फिर उनके प्रोफाइल से तस्वीरें डाउनलोड कर लेता था।

इन्हीं फोटो से वो महिलाओं को ब्लैकमेल करता और फिर उनका यौन शोषण करता था। चंपावत के पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने जानकारी दी है कि वो महिलाओं के सामान्य तस्वीरों को एडिट कर अश्लील बनाता और फिर महिलाओं को धमकियां दिया करता था।

35 महिलाओं को बनाया शिकार: पुलिस ने दीपक को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। खुलासा हुआ है कि उसने अब तक कुल 35 महिलाओं का शोषण किया है। पुलिस ने दीपक के मोबाइल को सील कर लिया है जिससे पुलिस को कई अहम सबूत मिले हैं।

महिलाओं का शोषण करने वाले इस शातिर अपराधी के पकड़े जाने की कहानी भी काफी दिलचस्प है। दरअसल दीपक के प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला ने ही पुलिस के पास उसकी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में गहराई से तफ्तीश शुरू की और आखिरकार दीपक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। अब इस मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करने में जुटी हुई है।