उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग से कांग्रेस विधायक मनोज रावत को शुक्रवार को कुछ लोगों ने पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया। हालांकि वे बाल-बाल बच गए। उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा। घटना से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा है। उनसे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में इसे आपसी रंजिश का मामला बताया जा रहा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने उनकी सुरक्षा बढ़ाए जाने की भी मांग की।

एक आरोपी को गनर ने पकड़ा : उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने बताया कि रुद्रप्रयाग के पास अगस्तमुनि क्षेत्र में हुई इस घटना में कांग्रेस नेता और विधायक मनोज रावत को कोई क्षति नहीं पहुंची है। वे सुरक्षित हैं। पुलिस मौके पर घटना की जांच कर रही है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी को विधायक के गनर ने कांग्रेस नेता पर पेट्रोल डालने के दौरान ही पकड़ लिया था, जबकि दूसरा बाद में पकड़ा गया। दोनों से पूछताछ की जा रही है। घटना का जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विधायक को सुरक्षा दी गई है। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

Hindi News Today, 08 November 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की तमाम अहम खबरों के लिए क्लिक करें

प्रथमद्रष्टया मामला आपसी रंजिश का लग रहा है : पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रथमद्रष्टया मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। गुरुवार को विधायक का कुछ लोगों से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। हमलावर शायद उन्हीं में से ही हैं। पुलिस मामले में पता लगाने की कोशिश कर रही है कि झगड़ा करने वालों ने उन पर हमला किया है या कोई और है। इसका पता चलने पर यह साफ होगा कि हमला क्यों किया गया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल : इस बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया। कहा कि बीजेपी शासन में यहां विधायक भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए हैं। पुलिस अपराधियों पर लगाम नहीं कस पा रही है। इससे वे बेलगाम हो गए हैं। उन्होंने सरकार से विधायक की सुरक्षा बढ़ाने और उनके घर पर पुलिस तैनात करने की मांग की।