उत्तर प्रदेश में महिला पर अत्याचार की बढ़ती घटनाओं को लेकर हंगामा मचा हुआ है। अब हमीरपुर में एक मकान मालिक पर आरोप लगा है कि उसने किराया नहीं चुकाने पर महिला को पेड़ से घंटों बांध दिया गया और उनकी पिटाई की गई। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में महिला पेड़ से बंधी हुई हैं। यह भी नजर आ रहा है कि एक महिला पुलिस कर्मी इस महिला को पेड़ से आजाद करा रही हैं। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज होने के बाद मामले की आगे जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि इस महिला के पति की मौत काफी पहले हो गई थी। महिला भागीरथ प्रजापति के मकान में किराये पर रहती थीं। दैनिक मजदूरी कर अपना पेट पालने वाली इस महिला ने अपने मकान का किराया कुछ महीनों से नहीं दिया था। इसी बात से नाराज होकर मकान मालिक पक्ष से घर की महिलाओं ने इस महिला को पेड़ से बांध दिया और उनकी पिटाई कर दी।

बताया जा रहा है कि मकान मालिक ने महिला का सारा सामान भी घर से बाहर फेंक दिया। महिला को पेड़ से बांध कर पीटे जाने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक इस मामले के आरोपी वहां से फरार हो गए थे। पुलिस ने पेड़ से बंधी महिला को आजाद कराया है।

पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। अब हमीरपुर पुलिस की तरफ से ट्वीट कर कहा गया है कि ‘मकान खाली कराने की वजह से दो पक्षों की महिलाओं का विवाद हुआ था। जिसमे एक पक्ष की महिला को पेड़ से दूसरी पक्ष की महिलाओं द्वारा बांधा गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को छुड़वाया। आरोपी महिलाओं को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है।’