यूपी के चित्रकूट जिले में शादी समारोह में डांसर को गोली मारने के दो आरोपियों को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि स्टेज पर नाच रही डांसर जब रुक गई तो उसे गोली मार दी गई। घटना जिले के तितरा गांव में पहली दिसंबर को हुई। फायरिंग में दो अन्य लोग भी घायल हुए थे। डांसर की पहचान हमीरपुर जिले की हिना के रूप में हुई। गोली उसके मुंह के जबड़े में लगी थी। उसका लखनऊ के संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि डॉक्टरों ने उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई है।

प्रत्यक्षदर्शी ने बना लिया था वीडियो : गिरफ्तार आरोपी तितरा गांव का प्रधान सुधीर पटेल (45) और उसका दूर का रिश्तेदार फूल सिंह (52) है। फूल सिंह कथित हमलावर अजित सिंह (30) का पिता है, जो फरार है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि एक प्रत्यक्षदर्शी ने घटना का वीडियो बना लिया था। उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। उसमें दिख रहा है कि हमलावर ने धमकी दी थी कि नाचना बंद की तो गोली मार देंगे। इसके बाद जैसे ही एक डांसर ने नाचना बंद किया उसने फायरिंग कर दी।

दोनों आरोपियों को कोर्ट ने जेल भेजा : चित्रकूट के एसपी अंकित मित्तल ने बताया कि पुलिस ने सुधीर और फूल सिंह को स्थानीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अजीत को पकड़ने के लिए छापा मार रही है। मित्तल ने बताया कि घटना सुधीर की बेटी की शादी में हुई। वहां कुछ डांसरों को बुलाया गया था। वीडियो में दिख रहा है कि पीड़िता अन्य डांसरों के साथ स्टेज पर डांस कर रही थी।

दूल्हे पक्ष ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट : जैसे ही डांसर ब्रेक लेने के लिए रुकी, नशे की हालत में एक व्यक्ति यह बोलते हुए सुना गया कि “गोली चल जाएगी।” तभी पीछे से गोली चल गई। वह आवाज सुधीर की थी। वीडियो में फिर दूसरी गोली चलने की आवाज सुनाई और वह गोली हिना के जबड़े में लगी। घटना के दूसरे दिन दूल्हे पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।