उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नाबालिग लड़की ने प्रेमी के लिए आत्महत्या कर ली। लड़की अनाज में डालने वाला कीटनाशक पीकर प्रेमी के घर पहुंच गई और वहीं दम तोड़ दिया। इधर, उसके घर से दो सुसाइड नोट मिले हैं। सुसाइड नोट में प्रेमी अमन को जिम्मेदार ठहराया गया है। ऐसे में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि अमन उससे दूरियां बना रहा था। इस बात से वो दुखी है। उनके रिश्ते में पहले जैसी बात नहीं रही। उसने मुझे जीने नहीं दिया, मेरी जिंदगी खराब कर दी। लेकिन उस इंसान को खुश रखना सब। मेरे पिता-मां की इस पूरी घटना में कोई गलती नहीं है।
पुलिस की मानें तो मृतका ने कुछ समय पहले अमन के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। दोनों परिवारों के बीच शादी की बात चल रही थी। हालांकि, किन्ही कारणों से दोनों की शादी नहीं हो पाई। इस कारण किशोरी काफी दुखी रहती थी। आखिरकार उसने आत्महत्या कर ली।
घटना वाले दिन (30 अक्टूबर) वो अमन के घर गई थी। वहां बैठकर वो बातचीत कर रही थी। तभी किसी ने किशोरी की मां को उसके वहां होने की सूचना दी। सूचना पाकर उसकी मां वहां पहुंची तो किशोरी ने उन्हें बताया कि वो कीटनाशक पीकर यहां आई है और उसकी खाली शीशी घर के ही डस्टबीन में फेंक दिया है।
यह सुनते ही महिला के होश उड़ गए। उसने अन्य लोगों की मदद से बेटी को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में सिटी एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सड़की ने कुछ दिम पहले जहर पीकर आत्महत्या कर ली थी। अपने सुसाइड नोट में उसने अपने बॉयफ्रेंड को इस घटना का जिम्मेदार ठहराया था।
अधिकारी ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है। सुसाइड नोट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पर पहले से 376 के तहत मुकदमा दर्ज है। दोनों की शादी की बात चल रही थी। शादी नहीं होने की स्थिति में किशोरी ने ये कदम उठाया है।