उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में रहने वाले एक मशहूर रेडियो सिंगर राजेंद्र सिंह महाशय के लापता होने की रिपोर्ट अब 15 साल के बाद दर्ज की गई है। राजेंद्र सिंह महाशय के बेटे और पत्नी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए बरसों तक थाने का चक्कर लगाते रहे।
कौन हैं राजेंद्र सिंह महाशय? राजेंद्र सिंह महाशय दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान समेत कई प्रदेशों में लोकगीत की गायकी के साथ अलग-अलग जगह स्वांग और रागिनी का मंचन करते थे। बतौर गायक राजेंद्र सिंह के गुरु रोशनलाल बताए जाते हैं। शाम को जिस वक्त रेडियो पर उनकी आवाज गूंजती तो उनकी आवाज सुनने वालों का तांता लग जाता था।
कब हुए लापता? मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बुलंदशहर शहर से 25 किलोमीटर दूर शिकारपुर तहसील के गांव तैयबपुर के रहने वाले राजेंद्र सिंह महाशय 15 बरस पहले मई 2005 में घर से लोक गीत गाने के लिए निकले थे। लेकिन इसके बाद राजेंद्र सिंह महाशय आज तक घर नहीं लौटे। राजेंद्र सिंह के बड़े बेटे और उनकी पत्नी कई सालों तक पुलिस अधिकारियों से लेकर थाने तक चक्कर लगाते रहे। इनका कहना है कि थाने में पुलिसवाले उन्हें सलाह देते थे कि वो खुद ही राजेंद्र सिंह की तलाश कर लें।
15 साल बाद दर्ज हुआ रिपोर्ट: रेडियो सिंगर राजेंद्र सिंह महाशय के घरवालों को इस बात की भी उम्मीद नहीं थी कि अब पुलिस कभी भी इस मामले में रिपोर्ट भी दर्ज करेगी। बड़े बेटे की पत्नी के प्रयासों के बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज की जा सकी। यह परिवार यहां के एसएसपी संतोष कुमार सिंह से मिला था। जिसने बताया कि रेडियो सिंह राजेंद्र सिंह 15 साल पहले लापता हो गए थे और आज तक नहीं लौटे..अब उनकी गैरमौजूदगी में सम्पत्ति को अड़चने आ रही हैं। परिवार के अनुरोध पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस अब यह जांच करेगी कि किस परिस्थितियों में वह लापता हुए।
बहरहाल राजेंद्र सिंह महाशय को लेकर पुलिस के पास अब कोई सुराग नहीं है। पुलिस के लिए रेडियो सिंगर को खोजना किसी चुनौती से कम नहीं है।

