करवा चौथ सुहागनों के लिए महत्वपूर्ण त्योहार में से एक माना जाता है। इस दिन पत्नियां पति की लंबी उम्र के लिए व्रत करती हैं। हालांकि, उत्तर प्रदेश के मऊ में एक महिला ने करवा चौथ के दिन कुछ ऐसा किया, जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। दरअसल, अपने पति को छोड़कर महिला ने करवा चौथ के ही दिन अपने पुराने प्रेमी से शादी कर ली।

दोनों एक दूसरे से लंबे समय से प्यार करते थे

खबर है कि महिला अपने पति का घर छोड़ कर भाग गई थी। बाद में पुलिस की मौजूदगी में उसने मंदिर में प्रेमी संग शादी रचा ली। लोगों के सामने महिला ने अपनी मांग में प्रेमी से सिंदूर भरवाई। इस दौरान लोगों ने भी फूल बरसाए। प्रेमी युगल की पहचान प्रमिला और विजय शंकर के रूप में हुई है। दोनों एक दूसरे से लंबे समय से प्यार करते थे।

हालांकि, 2018 से चल रही प्रेम कहानी का अंत पांच महीने पहले हुई प्रमिला की किसी और से शादी के कारण हो गया। उसकी शादी मऊ के ही भीटी निवासी आकाश से करा दी गई। शादी के बाद आकाश प्रमिला और अपने परिजनों को लेकर मिर्जापुर चला गया। हालांकि, शादी के बाद भी महिला प्रेमी के संपर्क में रही। उससे बात करती रही।

शादी के 10 दिन बाद ही भाग गई थी प्रमिला

शादी के 10 दिन बाद ही वो आकाश को छोड़कर विजय के पास भाग आई। हालांकि, समझौता कराकर परिजनों ने उसे पति के साथ वापस भेज दिया। इधर, विजय भी नौकरी के सिलसिले में सूरत चला गया था। इसी बीच आकाश को अपने परिजनों के साथ मऊ वापस आना पड़ा। इसी मौके का फायदा उठाते हुए वो प्रमिला फिर से अपने प्रेमी के पास सूरत भाग गई।

इस बार प्रमिला के परिजनों ने वियज के खिलाफ पुलिस से शिकायत कर दी। पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप किया। इधर, शनिवार को जब आकाश को पता चला कि पत्नी प्रेमी के साथ उसके घर पर है तो वो वहां पहुंच गया। यहां दोनों में विवाद होने लगा, जिसकी सूचना पाकर पुलिस पहुंची और रविवार को सभी को थाने आने को कहा।

पुलिस के मौजूदगी में दोनों ने की शादी

हालांकि, पंचायती के लिए महिला का पति थाना नहीं पहुंचा। ऐसे में पुलिस और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में थाने के सामने स्थित गौरशंकर मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई। पुलिस के अनुसार दोनों बालिग हैं। मामले में किसी तरह की कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है।