इस गैंगस्टर पर कई संगीन अपराधों का इल्जाम है। लेकिन अब इस कुख्यात गैंगस्टर की पत्नी ने चुनावी मैदान में ताल ठोकने का फैसला किया है जिसकी इन दिनों काफी चर्चा हो रही है। हम बात कर रहे हैं 21 साल कि पूजा की जिसने हाल ही में यूपी के पंचायत चुनाव में अपना नामांकन दाखिल करने के लिए नॉमिनेशन फॉर्म खरीदा है। पूजा के बारे में आपको बता दें कि वो कुख्यात गैंगस्टर अनिल दुजाना की पत्नी है। पूजा ने उत्तर प्रदेश जिला पंचायत चुनाव में उतरने का फैसला किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दुजाना के खिलाफ लगभग 43 केस विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी के मामले भी शामिल हैं। पश्चिमी यूपी के इस कुख्यात गैंगस्टर के बारे में बता दें कि फरवरी के महीने में अदालत से बेल मिलने के बाद वो जेल से बाहर आया था। उसी दौरान 15 फरवरी, 2019 को अनिल दुजाना ने पूजा से शादी रचाई थी।
कहा जाता है कि गैंगस्टर अनिल दुजाना साल 2019 में एक मामले में अपनी पेशी के लिए अदालत आया था। उसी दौरान उसने मंगनी कर ली थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उस वक्त अनिल दुजाना ने बागपत से आई प्रेमिका पूजा से जिला अदालत परिसर में ही मंगनी कर ली थी।
अनिल, महाराजगंज जेल से गौतमबुद्धनगर की जिला अदालत में हत्या के मामले में पेशी पर लाया गया था। अधिवक्ता ने अदालत से एग्रीमेंट पर अनुमति मिलने के बाद मंगनी के शपथ पत्र पर हस्ताक्षर करा लिए थे। यह भी कहा जाता है कि शपथ पत्र पर हस्ताक्षर करने के बाद दोनों ने एक दूसरे को अंगूठी भी पहनाई थी। उस वक्त अदालत में परिजनों की भीड़ भी दिखाई दी थी। इसके बाद अनिल के परिजनों के साथ पूजा चली गई थी।
दुजाना ने साल 2016 में खुद भी जिला पंचायत का चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उसने अपने प्रतिद्वंदी को कड़ी टक्कर दी थी। दुजाना के वकील जितेंद्र नागर ने मीडिया को जानकारी दी है कि पूजा ने शनिवार को नॉमिनेशन फॉर्म खरीदा है। नामांकन दाखिल करने के बाद पूजा चुनाव लड़ेंगी।
आपको बता दें कि अनिल दुजाना को अनिल नागर के नाम से भी जाना जाता है। साल 2012 में उसे पहली बार गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी एक हत्या के मामले में की गई थी। इसके बाद उसका नाम भारतीय जनता पार्टी के नेता विजय पंडित की हत्या में आया था।

