उत्तर प्रदेश के कानपुर में बाइक सवार बदमाशों ने भाजपा बूथ अध्यक्ष और उसके साथी की गोली मार कर हत्याकर दी। बताया जा रहा है कि दोनों को उस वक्त गोली मारी गई जब वह एक मर्डर केस के सिलसिले में कोर्ट जा रहे थे। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। दिन दहाड़े हुए इस डबल मर्डर से क्षेत्र में हडकंप मच गया। हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम और ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जिसके बाद भारी सुरक्षा में अंतिम संस्कार करवाया गया।
कैसे हुई हत्या: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घाटमपुर थाना क्षेत्र स्थित गिरसी गांव नहर पटरी से होते हुए भाजपा के बूथ अध्यक्ष कपूर सिंह अपने साथी बच्चा सिंह के साथ बाइक से तारीख पर कचहरी जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए दो बदमाशों ने डंडो से कपूर सिंह और बच्चा सिंह पर हमला कर दिया। जैसे ही दोनों नहर के किनारे झाड़ियो में गिर पड़े बदमाशो ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के मामले में थे आरोपी: बता दें कि राहा गांव के रहने वाले भाजपा बूथ अध्यक्ष कपूर सिंह और उनके साथी बच्चा सिंह 2011 में हुए विजय सिंह की हत्याकांड में आरोपी थे। इस समय दोनों ही जमानत पर बाहर चल रहे थे। एसएसपी अंनत देव के मुताबिक, घाटमपुर के गिरसी गांव के नहर पटरी पर बच्चा सिंह और कपूर सिंह के शव मिले थे। सुबह जब सूचना मिली तो लोगों ने बताया कि एक्सीडेंट हुआ है लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो मामला गन शॉट का था। उन्होंने कहा कि मामले में चार लोगो को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है ।