बिहार के शेखपुरा जिले के अरियरी थाना क्षेत्र में एक साध्वी से गैंगरेप का मामला सामने आया है। शेखपुरा महिला थानाध्यक्ष यशोदा देवी ने बताया कि साध्वी के साथ गैंगरेप करने वाले चार आरोपियों में से 2 उत्तर प्रदेश के हैं। वे बस्ती जिले के एक गांव के रहने वाले हैं। पीड़िता भी उसी गांव की रहने वाली है। यह घटना रविवार (27 अक्टूबर) को हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल, चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं।
यह है पूरा मामलाः थानाध्यक्ष यशोदा देवी ने बताया कि पीड़िता नवादा जिले स्थित एक आश्रम में अपने सहयोगियों के साथ रह रही थी। आरोपी रविवार को उनके आश्रम पहुंचे और मां के बीमार होने की सूचना देकर उसे आश्रम से बाहर ले गए। पुलिस के अनुसार, पीड़ित साध्वी ने आरोप लगाया है कि उनके गांव के 2 लोगों ने अपने दो साथियों संग मिलकर उनके साथ गैंगरेप किया।
Hindi News Today, 29 October 2019 LIVE Updates: दिन भर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
झांसा देकर ले गए सुनसान जगह: महिला एसएचओ के मुताबिक, चारों आरोपी एक निजी वाहन से साध्वी को उनके घर ले जाने के झांसा देकर सुनसान जगह ले गए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शेखपुरा जिले के अरियरी थाना अंतर्गत फुलचोड गांव के पास साध्वी से गैंगरेप किया।
आरोपियों पर मामला दर्ज कार्रवाई शुरू: पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने साध्वी का बयान भी दर्ज कर लिया है। साध्वी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं, उनके घरों पर भी पुलिस टीम पूछताछ के लिए पहुंची है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों का कोई पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड तो नहीं है।

