Bahraich Violence News: उत्तर प्रदेश के बहराइच में बीते दिनों दुर्गा मूर्ती विसर्जन के दौरान भड़की हिंसा में मारे गए रामगोपाल मिश्रा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। रिपोर्ट की मानें तो हत्या से पहले उनके साथ जमकर बर्बरता की गई। रिपोर्ट में शॉक और हेमरेज से मौत होने का जिक्र है।

रिपोर्ट के अनुसार रामगोपाल की शरीर पर गोली के 35 छर्रों के निशान हैं। मारने से पहले उन्हें तड़पाया गया। धारदार हथियार से उनके शरीर पर वार किए गए। पैर के नाखूनों को खींचकर बाहर निकाला गया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मानें तो मारने के लिए रामगोपाल को करंट भी लगाया गया है। उनके माथे और हाथ पर धारदार हथियार से हमले के निशान हैं। उनकी आंखों के पास भी किसी नुकीली चीज से हमला किया गया था। ज्यादा खून बहने, शॉक और हेमरेज के कारण उनकी मौत हो गई थी।

मालूम हो कि बहराइच के महराजगंज कस्बे में रविवार को मां दुर्गा की मूर्ती के विसर्जन के लिए एक जुलूस निकला था। इसी बीच घाट से करीब 3 किमी पहले एक समुदाय के लोगों ने अपने धार्मिक स्थल के सामने तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर आपत्ति जताई। इस कारण विवाद शुरू हो गया।

डीजे बजाने को लेकर दो समुदायों के लोगों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर गोलीबारी और पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस घटना में रामगोपाल मिश्रा की मौत हो गई थी।

रामगोपाल की मौत से नाराज लोगों ने जमकर बवाल काटा। पूरा बहराइच दहक उठा। लोगों ने तोड़-फोड़ की, चुन-चुनकर दुकानें जलाईं। पुलिस को लोगों को काबू करने में खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा। यहां तक कि आला अधिकारियों को भी ग्राउंड जीरो पर उतरना पड़ा।

गौरतलब है कि घटना से संबंधित एक वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि रामगोपाल मिश्रा, जिनकी हिंसा में मौत हुई एक घर की छत पर चढ़े हुए हैं और पूरी ताकत लगाकर उस छत की रेलिंग में लगा हरा झंडा उखाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

पूरी ताकत लगाकर उन्होंने हरा झंडा उतारा और भगवा झंडा लहराने लगे। वीडियो में दिख रहा है कि ऐसा करने में छत की रेलिंग भी टूट जाती है। इसी घटना के बाद तनाव और ज्यादा बढ़ गया। घर से फायरिंग हुई और पथराव शुरू हो गया।