साउथवेस्ट एयरलाइंस की फ्लाइट में उस वक्त हैरान कर देने वाले हालात बन गए, जब एक यात्री दूसरी महिला यात्री के सामने हस्तमैथुन करने लगा। यह वाकया सिएटल (अमेरिका) से फीनिक्स की उड़ान के दौरान सामने आया, जहां एक महिला यात्री के सामने एक पुरुष यात्री ने चार बार ऐसी अश्लील हरकत की। हालांकि, बाद में इस शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार मामला बीते 2 अप्रैल का है, जब साउथवेस्ट एयरलाइंस की फ्लाइट में सिएटल से उड़ान भरने के बाद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अश्लील हरकत शुरू कर दी थी। फ्लाइट के उतरने पर फीनिक्स पुलिस विभाग के अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान एंटोनियो शेरोड मैकगैरिटी के रूप में की है, जो कथित तौर पर साउथवेस्ट एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 3814 में यात्रा कर रहा था।
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर मैकगैरिटी ने कहा कि उसने कुछ भी गलत नहीं किया, बस यह सब थोड़ा अजीब था। हालांकि, शख्स ने कहा कि उसने महिला से पूछा था कि हस्तमैथुन करने से उसे कोई दिक्कत तो नहीं है। बकौल शख्स, महिला ने कहा था कि उसे कोई फर्क नहीं पड़ता। वहीं, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि विमान के उड़ान भरने के साथ ही आरोपी शख्स ने अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया था।
शिकायत के अनुसार, महिला यात्री मैकगैरिटी के ठीक बगल में बैठ थी और उड़ान भरने के तुरंत बाद आरोपी मैकगैरिटी ने अश्लील हरकत करनी शुरू कर दी थी। महिला ने उसकी तस्वीरें लीं, जिसमें वह कथित तौर पर हस्तमैथुन करते हुए दिखाई दे रहा है। इस घटना की सूचना महिला ने विमान के क्रू मेंबर को तब दी जब आरोपी शख्स सो गया था। इस वाकये के बाद शिकायतकर्ता महिला को क्रू मेम्बर्स ने दूसरी सीट दे दी थी।
हालांकि, जब साउथवेस्ट एयरलाइंस की फ्लाइट ने लैंड किया तो फीनिक्स पुलिस अधिकारियों ने महिला से भी पूछताछ की। महिला ने अधिकारियों को बताया कि आरोपी शक्स मैकगैरिटी ने यह अश्लील हरकत चार अलग-अलग मौकों पर की। वहीं, मामले में एफबीआई जांचकर्ताओं ने मैकगैरिटी से भी पूछताछ की, जिसमें उसने कथित तौर पर फ्लाइट के अंदर की गई हरकत को कबूल किया है।