हमारे देश के आपराधिक इतिहास में कई सीरियल किलर हुए, जिन्होंने क्रूरता की हदें पार कर दी। इन सबके बीच एक ऐसा किलर भी था, जो चैन से सोने के लिए लोगों को मारता था। उत्तर प्रदेश के फुरसतगंज में रहने वाले किलर सदाशिव साहू ने जब पुलिस के सामने राज खोले तो सभी के होश उड़ गए। सदाशिव पेशे से कपड़ा व्यापारी था, लेकिन उस पर चार साल में 22 लोगों की हत्या करने का आरोप था।

फुरसतगंज में रहने वाला किलर सदाशिव साहू कपड़ा व्यापारी था। खाली समय में धार्मिक किताबें पढ़ना उसका शौक था, लेकिन साल 2004 में जब पुलिस ने एक केस में उठाया तो उसकी काली करतूतों ने सभी को दंग कर दिया। सदाशिव के मुताबिक, एक दिन उसको ऐसा एहसास हुआ कि किसी अदृश्य शक्ति ने उससे कहा है कि तुम कत्ल को अंजाम दो। इसके बाद उसने इस वहम को मन में पाल लिया और हत्याओं को अंजाम देने लगा।

पुलिस पूछताछ में साहू ने बताया कि वह शक्ति ही उसे हत्या के लिए उकसाती है। पुलिस को नजर आने लगा था कि वह एक साइको किलर है। हालांकि, साहू ने एक बात जो पुलिस से साझा की वह हैरान करने वाली थी। सदाशिव साहू ने बताया कि किसी भी कत्ल को करने के बाद जब भी वह घर जाता था तो उसे अजीब सी शांति महसूस होती थी और वह आराम से सो जाता था। बता दें कि, साल 2000 से 2004 के बीच इस शख्स ने इलाके में कहर बरपाया था।

सदाशिव साहू के बारे में पुलिस ने बताया था कि वह अक्सर अपने हमजोली के यानी अधेड़ उम्र के लोगों से पहले दोस्ती करता था। फिर अपनी बातों में बहकाकर उन्हें तमंचे से गोली मार देता था। पुलिस ने बताया था कि साहू अपने शिकार को जब तक अपने साथ घुलने-मिलने पर आश्वस्त नहीं कर लेता था, तब तक वार नहीं करता था। इसके अलावा वह गोली भी बड़ी नजदीक से मारता था ताकि सामने वाला बच न पाए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सदाशिव ऐसे अपराधों में सबकी नजरों से बचकर साल 2000 से लिप्त था; लेकिन उसने साल 2002 के अप्रैल महीने में पहला कत्ल किया था। इसके बाद उसने अंतिम बार नवंबर, 2004 में एक शख्स को मौत के घाट उतारा। पुलिस ने इस कुख्यात किलर को 57 साल की उम्र में साल 2004 में गिरफ्तार किया था और उसने लिखित तौर पर सभी हत्याओं को कबूला था। इसके बाद सदाशिव को जेल भेज दिया था।