UP Crime News: उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा दायर आरोपपत्र के अनुसार 5 लाख रुपए के इनामी गैंगस्टर बदन सिंह बद्दो ने अदालत में माफिया से राजनेता बने जेल में बंद मुख्तार अंसारी के करीबी और मददगार कुख्यात संजीव जीवा की हत्या की साजिश रची थी। बद्दो ने कथित तौर पर नेपाल में शार्पशूटर विजय यादव के माध्यम से जीवा के नाम से भी जाने जाते डॉन संजीव माहेश्वरी की हत्या की साजिश रची थी।
कई हफ्तों की जांच के बाद पुलिस ने संजीव जीवा हत्याकांड में दायर किया आरोप पत्र
कुख्यात गैंगस्टर संजीव जीवा की 7 जून को लखनऊ में अदालती कार्यवाही के दौरान गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने कई हफ्तों की जांच के बाद अब इस मामले में आरोप पत्र दायर किया है। आरोपपत्र में कहा गया है कि बदन सिंह बद्दो ने संजीव जीवा की हत्या की साजिश रची और शूटर विजय यादव को इस घटना को अंजाम देने के लिए 50 लाख रुपये की पेशकश की।
असलम के जरिए नेपाल में गैंगस्टर बदन सिंह बद्दो और शूटर विजय यादव की मुलाकात
पुलिस के मुताबिक गैंगस्टर बदन सिंह बद्दो और शूटर विजय यादव की मुलाकात असलम नाम के बिचौलिए के जरिए नेपाल में हुई थी।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में रंगदारी को लेकर बदन सिंह बद्दो और संजीव जीवा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने संजीव माहेश्वरी जीवा हत्याकांड में असलम और लखनऊ के एक मददगार पर बदन सिंह बद्दो के साथ मिलकर आपराधिक साजिश रचने का आरोप लगाया है।
लखनऊ कोर्ट रूम में सरेआम गैंगस्टर संजीव माहेश्वरी जीवा की गोलियों से भूनकर हत्या
लखनऊ की एक अदालत के अंदर 7 जून, 2023 को गैंगस्टर संजीव जीवा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी वकील के भेष में कोर्टरूम के पास आया था। आरोपी ने पहले गोली चलाई और फिर कोर्ट रूम तक पहुंच गया। गैंगस्टर संजीव जीवा को कुल छह गोलियां मारी गईं। संजीव जीवा गैंगस्टर से नेता बने मुख्तार अंसारी का करीबी सहयोगी था। जीवा का नाम बीजेपी विधायक कृष्णानंद राय की हत्या के मामले में सामने आया था। इसी मामले में मुख्तार अंसारी और उनके भाई अफजल को साजिशकर्ता के रूप में नामजद किया गया था।