उत्तर प्रदेश के एटा जिले में 18 साल की एक लड़की के प्रेम संबंधों से नाराज परिजनों ने उसे कथित रूप से गोली मार दी। इसके बाद वे उसे मरा हुआ समझकर सड़क किनारे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए, लेकिन असल में लड़की की मौत नहीं हुई थी। घटना एटा जिले के एक गांव की है। लड़की के परिजनों पर उसके प्रेमी की हत्या करने का भी आरोप लगा है।
गांव वालों ने पुलिस को दी सूचनाः प्राप्त जानकारी के मुताबिक लड़की को गले में गोली लगी थी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने उसे एटा के जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां पुलिस ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए उसके मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज करा दिये और उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि किशोरी एटा जिले की ही रहने वाली है। कहा जा रहा है कि उसका अलीगढ़ निवासी एक लड़के के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था जिसका परिजन विरोध कर रहे थे।
पहले प्रेमी को मारा, फिर बेटी पर की फायरिंगः त्यागी के मुताबिक परिजनों के विरोध के बावजूद लड़की नहीं मानी। दो दिन पूर्व अलीगढ़ के सिविल थाना क्षेत्र में किशोरी के परिजनों ने अपनी पुत्री के प्रेमी आमिर की गोली मारकर हत्या कर दी जिसका नामजद मुकदमा थाना अलीगढ़ में दर्ज है। प्रेमी की हत्या के बाद इन लोगों ने अपनी पुत्री की भी हत्या की साजिश रच दी और इसी साजिश के तहत बीती रात उसकी गोली मारकर हत्या करने का प्रयास किया किन्तु वह बच गई।
अस्पताल में दिए बयान में लड़की ने अपने मां, पिता और मामा पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया। उसने बताया कि घर से उसे अलीगढ़ ले जाने की बात कहकर लाए थे लेकिन रास्ते में गोली मार दी। पुलिस ने लड़की के बयान पर तीनों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी नामजद आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।