उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में छेड़खानी का विरोध करने पर एक महिला की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह घटना जिले के औराई थाना क्षेत्र की है। यहां लड़कियों से छेड़खानी का विरोध करने पर एक लड़की के परिजनों पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। इस दौरान लड़की की मां को लाठियों से इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। इस मामले में अब तक चार लोगों पर केस दर्ज किया गया था। इनमें से दो को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की भी तलाश कर रही है।

घर में घुसकर परिजनों को लाठियों से पीटाः जिला पुलिस अधीक्षक राजेश एस ने बुधवार (3 जुलाई) को बताया कि इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दो फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि औरंगाबाद गांव के रहने वाले मुदस्सिर की लड़कियों से वहीं के कुछ लड़के छेड़खानी करते रहते थे। गत मंगलवार (2 जुलाई) की रात को भी छींटाकशी की गई। इसका मुदस्सिर ने विरोध किया तो आफताब, माहताब, निजाम और रियाज नाम के चार युवकों ने मुदस्सिर के घर में घुसकर पूरे परिवार पर लाठियों से हमला कर दिया।

तनाव के चलते अतिरिक्त पुलिस तैनातः पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हमले में मुदस्सिर की पत्नी बिलकीस (45) के सिर पर कई लाठियां लगने वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे वाराणसी के लिए रैफर किया गया, जहां बुधवार (3 जुलाई) की सुबह उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हमले में पांच लोग घायल हुए हैं। आरोपी निजाम और उसके लड़के रियाज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तनाव के चलते अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।