नवरात्र में जब हर तरफ देवी की पूजा हो रही है। पर्व का उल्लास और उत्साह है, ऐसे में दुर्गा पूजा देखने घर से निकलीं दो लड़कियों की किस्मत अच्छी नहीं थी। वापसी में वे दरिदों की शिकार बन गईं। उन लोगों ने लड़कियों का सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद में लड़कियां किसी तरह घर पहुंचीं और परिजनों को बताया। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना से लड़किया दहशत में हैं : घटना बिहार के सुपौल जिले के निर्मली थाना क्षेत्र की है। शनिवार शाम दो लड़कियां पास में ही चल रहे दुर्गा पूजा मेला देखने गई थीं। वहां से देर शाम घर लौटते वक्त एक सुनसान जगह पर चार दरिंदों ने उनको पकड़ लिया और सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद बुरी तरह डरी-सहमी दोनों लड़कियां रोते-बिलखते किसी तरह घर पहुंचीं और परिवार वालों को पूरी बात बताईं।
गिरफ्तार आरोपी से हो रही पूछताछ : पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई। घटना स्थल का दौरा कर कई लोगों से पूछताछ की। सुपौल अनुमंडल के पुलिस अधिकार बैद्यनाथ सिंह ने बताया कि पुलिस ने चार आरोपियों मे से एक को गिरफ्तार कर लिया है। उसका नाम रोहित कुमार है और वह जरौली गांव का रहने वाला है। उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई जगह दबिश दी है। जल्द ही वे गिरफ्तार होंगे।
परिजनों से भी हो रही पूछताछ : पुलिस ने बताया कि दुष्कर्म पीड़िता दोनों लड़कियां अभी नाबालिग हैं। पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण कराया है। वे दहशत में हैं। उनसे बातचीत का प्रयास किया जा रहा है। उनके परिवार वालों से भी घटना के बारे में पूछताछ की गई है।फिलहाल मामले में गिरफ्तार एक आरोपी से पूछताछ के बाद बाकी आरोपियों का पता लगाया जा रहा है।