उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के यमुना एक्सप्रेस-वे पर नए साल के पहले दिन एक कार में तीन लाशें मिलीं। कार में एक पिस्टल भी बरामद हुई है। मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। घटना से आसपास सनसनी फैल गई।  शुरुआती जांच में पुलिस ने आशंका जताई कि कारोबार में घाटा या पारिवारिक कलह की वजह से आत्महत्या का मामला हो सकता है।

बेटे की सांसें चल रही थीं, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है: पुलिस के मुताबिक थाना जमुनापार क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह एक क्रेटा कार खड़ी थी। गाड़ी अंदर से लॉक थी। पुलिस ने उसका शीशा तोड़ा तो अंदर तीन लाशें पड़ी मिली। एक बच्चे की सांस चल रही थी। मृतक की पहचान गऊघाट के लाल दरवाजा निवासी नीरज अग्रवाल, उनकी पत्नी नेहा अग्रवाल और बेटी धान्या अग्रवाल के रूप में हुई है। वहीं बेटे शौर्य अग्रवाल को गंभीर हालत में अस्पताल में एडमिट कराया गया है। मृतक नीरज अग्रवाल सर्राफा व्यवसायी थे।

Hindi News Today, 1 January 2020 LIVE Updates: देश की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

मौके से एक नोट मिला है, पुलिस जांच कर रही है : पुलिस ने बताया कि उसे मौके से एक नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। उसके बाद ही मामले की सही वजह का पता चल सकेगा। फिलहाल लाशों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना की वजह पता करने में लगी है। पुलिस का कहना है कि मृतकों के रिश्तेदारों और परिचितों के बारे में पता लगाया जा रहा है। उनसे बातचीत के बाद ही मामले से पर्दा हट सकेगा।

नए साल के पहले दिन यमुना एक्सप्रेस-वे पर तीन लाशें मिलने से लोगों में हड़कंप : नए साल के पहले दिन यमुना एक्सप्रेस-वे पर तीन लाशें मिलने से लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों का मानना है कार सुबह-सुबह ही वहां आई थी। आशंका है कि घटना भोर में हुई है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही कुछ कहने की स्थिति में होगी।