अनोखे तरीके से लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने के लिए मशहूर ठक-ठक गैंग ने एक बार फिर एक नया तरीका अपनाया। इस बार उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनी इलेक्ट्रिक टॉर्च को अपना हथियार बनाया। दरअसल इस इलेक्ट्रिक टॉर्च की खासियत ये है कि इससे करंट लगता है। करंट लगने से हमलावर की पकड़ ढीली हो जाती है। इसी टॉर्च का इस्तेमाल बदमाश वारदात को अंजाम देने के लिए कर रहे थे।

500 वारदातों को दिया अंजामः  पुलिस द्वारा 29 जुलाई को गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने इस बारे में खुलासा किया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि इलेक्ट्रिक टॉर्च की मदद से उन्होंने 500 से अधिक लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

National Hindi News, 03 August 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक

गर्दन पर सटा दी टॉर्चः गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके लूटपाट की वारदात को अंजाम देने में अपनाए जाने वाले तरीके पुराने हो चुके थे। इसी के चलते उन्होंने इलेक्ट्रिक टॉर्च से लूटपाट की वारदात को अंजाम देने का तरीका अपनाया। बता दें बीते 12 जुलाई को दिल्ली के कमला मार्किट में लूटपाट का एक मामला सामने आया था। यहां पर दवा फर्म में काम करने वाले एक कर्मचारी के साथ 21 लाख की लूट हुई थी। लूट के लिए ठक-ठक गैंग के सदस्यों ने इलेक्ट्रिक टॉर्च का तरीका अपनाया।पीड़ित ने बताया कि वह ऑटो में बैठे हुए थे तभी एक अचानक एक युवक आया और उसने उनकी गर्दन पर टॉर्च सटा दी। पीड़ित युवक ने बताया कि उन्हें अचानक जोर का झटका महसूस हुआ और वे बेहोश हो गए। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

हवाई यात्रा से करते थे सफरः पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान कनक, प्रदीप और विनोद के रूप में की गई है। जानकारी के मुताबिक ठक-ठक गैंग के यह तीनों सदस्य दक्षिण भारत के ठक-ठक गैंग के सदस्य हैं। ये सभी वारदात करने के लिए एक शहर से दूसरे शहर हवाई यात्रा करते थे।