तमिलनाडु के कोयंबटूर में दोस्त संग जन्मदिन मनाने गए एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर छह लोगों ने सामूहिक बलात्कार किया। मां की शिकायत पर पुलिस ने छह आरोपियों में से चार को गिरफ्तार कर लिया। दो आरोपी फरार हैं। घटना 26 नवंबर की रात हुई। आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया है।

पीड़िता ने सुबह मां को बताई घटना : 11वीं की छात्रा 26 नवंबर को अपने ब्वॉय फ्रेंड के साथ जन्मदिन मनाने एक पार्क में गई थी। लौटते वक्त रात करीब नौ बजे लड़कों के एक ग्रुप ने उन्हें जबरन रोक लिया और दोस्त की पिटाई कर लड़की को सुनसान जगह पर घसीट ले गए। वहां उससे सामूहिक बलात्कार किया। उनसे किसी तरह छूटकर लड़की रोते-बिलखते घर पहुंची और अगले दिन अपनी मां को पूरी बात बताई। इसके बाद मां उसे लेकर महिला थाना पहुंची और मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई।

आरोपियों पर पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज  : पुलिस ने जांच पड़ताल में छह में से चार आरोपियों को पकड़ लिया। चारों पर POCSO एक्ट, 354 (महिला पर अत्याचार करने के लिए हमला) और आईपीसी की 506 (ii) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को एक महिला कोर्ट के समक्ष पेश किया। कोर्ट ने उन्हें हिरासत में लेकर कोयम्बटूर की केंद्रीय जेल में भेज दिया।

सरगना समेत दो अब भी फरार : मामले में पुलिस ने बताया कि गिरोह के सरगना सहित दो अन्य लोगों की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। पकड़े गए चारों लोगों से पूछताछ कर पुलिस ने कई जगह दबिश दी। हालांकि उनका पता नहीं चला है। अभी हाल ही में ऐसी ही एक घटना हैदराबाद में हुई। वहां एक डॉक्टर के साथ बलात्कार किया गया था।