तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। जहां एक दंपति की अंतर्जातीय विवाह करने के कारण हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि महिला तीन महीने की गर्भवती थी। फिलहाल पुलिस इस मामले में लड़की के पिता को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक एक हफ्ते के अंदर यह दूसरा मामला है जब अंतर्जातीय विवाह के चलते हत्या की घटना सामने आई है।

National Hindi News, 05 July 2019 LIVE Updates: पढ़ें आज की बड़ी खबरें

क्या है मामला: थूथुकुडी जिले के कुलाथूर में गुरुवार शाम को अज्ञात लोगों द्वारा दंपती की हत्या कर दी गई। इस जोड़े ने अंतर्जातीय विवाह किया था। स्थानीय पुलिस की माने तो यह एक हेट क्राइम है। बताया जा रहा है कि हत्या के समय मृतक महिला तीन महीने की गर्भवती थी। मृतकों की पहचान 24 साल के सोलाईराजन और 21 साल की ज्योति के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि सोलाईराजन परायर समुदाय से था जबकि उसकी पत्नी पल्लर समुदाय की थी। बताया जा रहा है कि ज्योति के परिवारवालों ने इस शादी का विरोध किया था इसके बावजूद भी दोनों शादी कर ली। वहीं इस शादी से लड़के के परिजनों को कोई ऐतराज नहीं था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों दिहाड़ी मजदूर थे जो कि एक नमक फैक्ट्री में काम करते थे।

धारदार हथियार से की गई हत्या: गुरुवार शाम को थूथुकुडी पुलिस ने ज्योति के पिता अलागर को हत्या के शक में गिरफ्तार कर लिया। यह घटना तब सामने आई जब दंपति गुरुवार सुबह घर के बाहर नहीं दिखाई दिए, इसके बाद सोलाईराजन की मां के साथ पड़ोसियों ने मिलकर जबरन उनका दरवाजा खोला। लेकिन अंदर का हाल देखकर सभी सन्न रहे गए। कमरे के अंदर दंपति का शव खून से लथपथ पड़ा था। उनके शरीर पर जगह-जगह चाकू के निशान थे।

पुलिस का बयान: थूथुकुडी जिले के पुलिस अधीक्षक अरुण बालगोपालन ने कहा कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। उन्होंने कहा कि जानकारी मिली है कि लड़की का पिता इस शादी के खिलाफ था। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेज दिया गया है। मामले की जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।