Supreme Court Lawyer Killed In Noida: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के नोएडा में सुप्रीम कोर्ट की 61 वर्षीय महिला वकील रेनू सिन्हा हत्याकांड में पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्टसामने आ गई है। पीएम रिपोर्ट के अनुसार, रेणु सिन्हा के चेहरे और सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। बेरहमी से गला घोंट कर कत्ल किए जाने से पहले रेणु सिन्हा की उनके पति नितिन सिन्हा से तेज बहस हुई थी। इसके बाद पति ने हमला कर उनकी हत्या को अंजाम दिया था।
मृतका रेनू सिन्हा के चेहरे और सिर पर गंभीर चोट के निशान, दम घुटने से मौत
नोएडा पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम में कहा गया है कि मृतका रेनू सिन्हा के चेहरे और सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। कैंसर की मरीज रेणु सिन्हा और उसके पति 62 वर्षीय पूर्व भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी नितिन सिन्हा के बीच 10 सितंबर की सुबह चाय पीते समय तेज बहस हुई थी। इसके बाद रेनू सिन्हा गिर गईं जिसके कारण उनके सिर में चोट आई। पोस्टमॉर्टम में कहा गया कि उनका गला घोंटा गया और दम घुटने से उनकी मौत हुई।
हत्या के आरोपी पति नितिन सिन्हा की कॉल रिकॉर्डिंग की भी जांच कर रही पुलिस
फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि आरोपी नितिन सिन्हा पकड़े जाने तक घर से बाहर नहीं निकला। वारदात को अंजाम देने के बाद वह घर के ही एक स्टोर रूम में छिपा हुआ था। पुलिस नितिन सिन्हा की कॉल रिकॉर्डिंग की भी जांच कर रही है। हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब रेनू सिन्हा के भाई को चिंता हुई कि उसकी बहन ने दो दिनों से ज्यादा समय तक उसका कॉल रिसीव नहीं किया। भाई ने ही मामले की सूचना नोएडा पुलिस को दी।
पत्नी की हत्या के बाद घर के ही स्टोर रूम में छिपकर बैठ गया था आरोपी नितिन सिन्हा
पुलिस टीम के बंगले में जबरन घुसने के बाद वॉशरूम में रेनू सिन्हा का शव मिला। शक के आधार पर पुलिस ने रेनू सिन्हा के पति की तलाश शुरू की और उन्हें घर के ही स्टोर रूम में छिपा हुआ पाया। पुलिस के मुताबिक आरोपी नितिन सिन्हा ने कथित तौर पर घर को बंद कर दिया था और छत पर खाली स्टोर रूम में छिप गया था। आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी।