एक उभरती हुई एक्ट्रेस के कत्ल ने मायानगरी को सन्न कर दिया। इस अभिनेत्री का कत्ल जिस वहशियाना तरीके से किया गया उसे जानकर हर कोई दंग रह गया। कत्ल करने वाले ने अभिनेत्री की जिस्म के टुकड़े-टुकड़े कर दिये थे। तलाशी के दौरान जब पुलिस को इलाहाबाद के एक घर की पानी की टंकी से अभिनेत्री की शरीर के निचले हिस्से मिले तो उसके भी होश उड़ गए। एक्ट्रेस के शरीर का बाकी हिस्सा वहां से कुछ दूर एक जंगल में मिला था। इस भयानक हत्याकांड ने मुंबई को हिला कर रख दिया। हम बात कर रहे हैं साल 2012 में हुई अभिनेत्री मिनाक्षी थापा हत्याकांड की। देहरादून की रहने वाली मिनाक्षी दूसरी लड़कियों की तरह ही मायानगरी में कामयाब अभिनेत्री बनने का सपना लेकर आई थी। यहां मिनाक्षी को कुछ छोटी-छोटी ऐड फिल्मों में काम भी मिला। इसके अलावा मिनाक्षी ने मशहूर डायरेक्टर मधुर भंडारकर की फिल्म हिरोईन में भी एक छोटा सा रोल किया। मिनाक्षी उस वक्त बॉलीवुड की दुनिया में एक जूनियर एक्ट्रेस के तौर पर काम कर रही थी और अपने सपनों को साकार करने के लिए लगातार संघर्ष कर रही थी।
साल 2012 के मार्च के महीने में मिनाक्षी थापा अचानक मुंबई से लापता हो गई। मिनाक्षी के अचानक गायब होने से उसके घरवाले काफी परेशान हो गए। 15 मार्च 2012 को मिनाक्षी के घर वालों से मिनाक्षी की जान के बदले फिरौती की मांग की गई। मिनाक्षी के किडनैप होने की बात सुनकर उनके घरवालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। मिनाक्षी के घर वालों ने तुंरत पुलिस को इस बारे में जानकारी दी। पुलिस ने जब मिनाक्षी के गायब होने और फिरौती मांग किए जाने की कड़ियों को धीरे-धीरे जोड़ना शुरू किया तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। जांच के दौरान पुलिस ने मुंबई से हजारों किलोमीटर दूर इलाहाबाद में एक पानी की टंकी से अभिनेत्री की शरीर के नीचले हिस्से को बरामद कर लिया। यहां से कुछ ही दूर एक सुनसान जगह पर अभिनेत्री की शरीर के बाकी हिस्से मिले।
अब पुलिस को तलाश थी अभिनेत्री के असली कातिलों की। जांच के दौरान पुलिस ने प्रीति सुरीन और अमित कुमार नाम के युवक-युवती को गिरफ्तार किया। खुलासा हुआ कि प्रीति और अमित भी इलाहाबाद से ही ताल्लुक रखते थे और सफल करियर की तलाश में मुंबई आए थे।
यहां इन दोनों की मुलाकात मिनाक्षी से हुई। मिनाक्षी ने प्रीति और अमित को बताया था कि वो नेपाल की किसी रईस राजघराने से ताल्लुक रखती हैं। प्रीति और अमित ने यह समझा कि मिनाक्षी के पास बेशुमार धन-दौलत है। प्रीति और अमित ने इसके बाद मुंबई में ही साजिश रची मिनाक्षी को अगवा करने और उसके घरवालों से मोटी रकम ऐंठने की। प्रीति ने मिनाक्षी को भोजपुरी फिल्म में काम दिलाने का झांसा दिया और उसे लेकर इलाहाबाद आ गई। यहां प्रीति और अमित ने मिनाक्षी के घरवालों को फोन कर मिनाक्षी के किडनैप होने की सूचना दी और उनसे बड़ी रकम फिरौती के तौर पर मांगी। लेकिन जब यह मामला पुलिस के पास पुहंचा तो डर की वजह से इन दोनों ने मिलकर मिनाक्षी की हत्या कर दी और उसके लाश के टुकड़े-टुकड़े कर उसे अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया। पुलिस ने 14 अप्रैल 2012 को इन दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अदालत ने आरोप साबित होने के बाद दोनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
