देश की राजधानी दिल्ली में एक और दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। शहर के दक्षिणी क्षेत्र में स्थित चिराग दिल्ली इलाके में एक 27 साल के शख्स ने 24 वर्षीय महिला को 6 बार चाकू मारा। इस घटना के दौरान महिला का 4 साल का बेटा भी वहीं मौजूद था। इस वारदात के बाद आरोपी ने गला चीरकर खुद को भी मारने की कोशिश की। घटना शुक्रवार (28 जून) की बताई जा रही है। पुलिस को घटनास्थल से एक चिट्ठी भी मिली है, जिसमें लिखा था दोनों के शवों का अंतिम संस्कार एक साथ किया जाए। बताया जा रहा है कि दोनों ने कर्ज से परेशान होकर जान देने का फैसला किया था।
पुलिस ने दोनों के रिश्ते को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने की बात कही है। पुरुष की पहचान सनी के रूप में हुई है, उसका सिटी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक महिला की पहचान पिंकी चौहान के रूप में की है। पिंकी ब्यूटी पार्लर चलाती थी और चिराग दिल्ली में किराये के मकान में रहती थी। वह 16 जून को ही अपने पति रविंदर के साथ वहां रहने आई थी। रविंदर एक ऑटोमोबाइल कंपनी में मैकेनिक के तौर पर काम करता है।
दक्षिण दिल्ली के डीसीपी विजय कुमार ने कहा कि उन्हें सुबह करीब 9 बजकर 50 मिनट पर एक महिला को चाकू मारे जाने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा, ‘मौके पर पहुंची पुलिस को महिला बेहोशी की हालत में बिस्तर पर मिली, वहीं मौजूद सनी का भी गला चीरा हुआ था। दोनों का तेजी से खून बह रहा था। दोनों को तुरंत एम्स के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया जहां महिला को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं सनी को इलाज के लिए भर्ती कर लिया गया।
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी के मुताबिक, ‘प्राथमिक जांच में पता चला है कि अंबेडकर नगर के रहने वाले पेशे से ड्राइवर सनी को मृतक महिला चार साल से जानती थी। पड़ोसियों और गवाहों के मुताबिक जब महिला का पति घर पर नहीं होता था तभी सनी घर पर आता था। जब सनी घर में था तभी दोनों के बीच बहस हुई और सनी ने एक लंबा चाकू निकाला और पांच से छह बार पिंकी को घोंप दिया। इसके बाद उसने उसी चाकू से अपना गला भी चीर लिया।’
उन्होंने कहा, ‘नोट में लिखा था दोनों के शवों का अंतिम संस्कार साथ में किया जाए। यह भी लिखा था कि पिंकी के पति ने सनी से पैसे उधार लिए थे और वह वापस नहीं कर रहा था। फिलहाल सनी के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पिंकी नहीं जानती थी की सनी उसे चाकू मार देगा। हम उनकी कॉल डिटेल्स के जरिये उनके रिश्ते को जानने की कोशिश कर रहे हैं।’
पुलिस ने कहा, ‘इस साल होली के दौरान पिंकी के पति को सनी के बारे में पता चला। परिजनों के मुताबिक इसके कुछ दिनों बाद पिंकी ने सनी से शादी के लिए अपने पति को छोड़ दिया लेकिन कानूनी अड़चनों की वजह से वापस आ गई।’ मामले में पिंकी के पति ने बयान देने से इनकार कर दिया है। डीसीपी ने बताया कि इस मामले में सनी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की हर दृष्टिकोण से जांच की जा रही है।
