बेंगलुरु में एक 20 साल के शख्स ने अपनी ही मां को जिंदा जला दिया। बताया जा रहा है कि महिला ने अपने बेटे को पैसे देने से इनकार कर दिया था, बस इसी बात पर नाराज होकर उसने यह कदम उठाया। इस घटना में बुरी तरह झुलसी महिला को इलाज के लिए शहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में महिला के आरोपी बेटे की पहचान उत्तम कुमार के रुप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना बीते 6 दिसंबर को बेंगलुरु के सदाशिवनगर इलाके की है। उत्तम ने अपनी मां से पहले पैसे मांगे। लेकिन महिला को ऐसा लगा कि उसका बेटा इन पैसों का इस्तेमाल शराब खरीदने में करेगा, इसीलिए उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद मां-बेटे के बीच जमकर बहस हुई। गुस्साए उत्तम ने अपनी मां पर पेट्रोल छिड़कर उन्हें आग के हवाले कर दिया। इस वारदात को अंजाम देने के बाद उत्तम मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उत्तम की तलाश में जुटी हुई है।
घटना के बाद महिला के पति ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने बताया कि इस घटना में महिला का हाथ, चेहरा और सीना बुरी तरह झुलस गया है। यहां आपको याद दिला दें कि अभी कुछ ही दिनों पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में एक लड़का अपनी मां को झाड़ू से पीटता हुआ नजर आ रहा था।


