मुंबई पुलिस के हस्तक्षेप के बाद आखिरकार कश्मीरी गायक आदिल गुरेजी को किराये के मकान में रहने की इजाजत मिल सकी। आदिल मुंबई के बांदीपोर इलाके में स्थित एक मकान में पिछले एक साल से किराये पर रह रहे थे। दरअसल कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ दिनों पहले दो ब्रोकरों ने आदिल से कहा था कि वो अपना मकान खाली कर दें क्योंकि वो एक कश्मीरी हैं। इसके बाद इस मामले में आदिल गुरेजी ने मुंबई पुलिस से मदद मांगी थी। मुंबई पुलिस ने इस उभरते गायक को सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया था।
बता दें कि 24 साल के आदिल गुजेरी कश्मीरी और हिंदी भाषा जानते हैं। इन दोनों भाषाओं में गाए उनके गीत सोशल मीडिया पर काफी मशहूर हैं। सोशल मीडिया पर उनके काफी फॉलोअर्स हैं। बीते 1 सितंबर को आदिल अपने गृहराज्य (कश्मीर) गए हुए थे। इसके बाद 5 सितंबर को मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का फैसला किया। एहतियात के तौर पर जम्मू-कश्मीर में संचार सेवाएं बंद कर दी गईं थीं और कुछ इलाकों में धारा 144 भी लगा दी गई थी।
राज्य में हालात सामान्य होने तक यानी करीब 1 महीने तक गुरेजी को जम्मू-कश्मीर में ही रहना पड़ा। लेकिन वहां से लौटने के बाद आदिल से तुरंत मकान खाली करने के लिए कहा गया। इसके बाद गायक ने मुंबई पुलिस से मदद मांगी थी।
‘Mid-Day’ से बातचीत करते हुए मुंबई पुलिस कमिश्नर संजय बार्वे ने कहा कि ‘मुंबई पुलिस हमेशा लोगों के अधिकारों की रक्षा करती है। मैंने खुद उनसे बात की थी और उनकी सुरक्षा को लेकर उन्हें आश्वस्त भी किया था। वो सभी इस देश के नागरिक हैं और किसी भी अनुमति नहीं है कि वो उनसे इस तरह का व्यवहार करें।’
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि जिन दो ब्रोकरों ने गुरेजी को घर से चले जाने के लिए कहा था उन्होंने सभी आरोपों से इनकार कर दिया है। ओशिवारा पुलिस स्टेशन के एक वरीय पुलिस अधिकारी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि दोनों ब्रोकरों ने घर खाली करवाने को लेकर घर के मालिक से भी बातचीत नहीं की थी और दोनों अपनी मर्जी से घर खाली करवाना चाहते थे। (और…CRIME NEWS)

