कई सालों से यह कपल इंसानों के बीच आम लोगों की तरह ही अपने घर में रहता था। अब, जब इस कपल की कहानी एक सीरियल किलर कपल के तौर पर सामने आई है तो हर कोई इसे सुनकर हैरान है। दरअसल मैक्सिको की पुलिस को 10 महिलाओं के हत्यारे की शिद्दत से तलाश थी। यहां की पुलिस ने जब इन अलग-अलग महिलाओं की हत्याओं के तरीके और इन सभी मामलों के विभिन्न पहलुओं को एक साथ जोड़ा था तो उसे कई सारे अहम सुराग मिले थे। इन वारदातों के बाद मिले प्राथमिक सबूतों के आधार पर पुलिस ने इतना अंदाजा तो लगा लिया था कि इन हत्याओं की कहानी एक जैसी है लिहाजा इन सिलसिलेवार हत्याओं का गुनहगार भी कोई एक ही है।

पुलिस ने अपने पास मौजूद सबूतों के आधार पर इस कपल को दबोचा। जब पुलिस ने इस कपल के घर की तलाशी ली तो फ्रिज और घर के आलमीरे में रखे मानव अंग को देख कर वो चौंक गई। लेकिन उससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि इस कपल ने पुलिस के सामने यह बात कबूला कि उन्होंने सिर्फ 10 नहीं बल्कि 20 हत्याओं को अंजाम दिया है। पुलिस के मुताबिक कुछ महिलाओं की हत्या से पहले उनके साथ रेप भी किया गया था।

इन हत्याओं के बारे में सरकारी वकील गोमेज ने मैक्सिको रेडियो नेटवर्क से बातचीत करते हुए बतलाया कि इस कपल के लिए खूनी खेल खेलना एक आम बात थी। यह जोड़ा चाहता था कि लोग उनकी तस्वीरें देखें और वो फेमस हो जाएं। इसीलिए उन्होंने एक के बाद एक 20 महिलाओं को मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद यह कपल शरीर के अहम अंगों को भी काट देता था।

चिकित्सकों को शक है कि यह जोड़ा दीमागी तौर पर बीमार भी हो सकता है। फिलहाल इस संगीन वारदात के बाद यहां स्थानीय लोगों का आक्रोश भी फूट पड़ा। यहां लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया है। लोगों ने मारे गए लोगों की याद भी फूल भी चढ़ाए।