राजस्थान का यह सीरियल किलर जब पुलिस के हत्थे चढ़ा तो कई वारदातों से पर्दा उठता चला गया। कोटा शहर के विज्ञान नगर इलाके में 25 मई, 2019 को एक महिला की लाश बोरे में बरामद हुई थी। मारने वाले ने इस महिला के साथ ऐसी बेरहमी की थी कि उसकी पहचान तक मुश्किल थी। हत्यारे ने शव को बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया था। बदमाश ने महिला का पेट चीर आंत बाहर निकाल दिया था। काफी छानबीन और मृतका के शरीर पर पड़े गहनों से उसकी पहचान मुमकिन हो सकी। शिनाख्त के लिए महिला के बच्चों का डीएनए टेस्ट भी कराना पड़ा। पता चला कि यह महिला लखावा गांव की रहने वाली थी और 22 मई को वो अपने पति और बेटों के साथ मजदूरी के लिए कोटा में बावड़ी चौराहे पर आई थी।

मजदूरी करने आई महिला के हत्यारे की पहचान करने के लिए पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। करीब 2 हफ्ते तक चली जांच के बाद पुलिस ने महावीर सिंह उर्फ मोहन नाम के एक संदिग्ध को दबोच लिया। पुलिस मोहन से इस महिला के कत्ल के बारे में और जानकारियां जुटा रही थी लेकिन जब इस शातिर ने अपने राज उगलने शुरू किये तो पुलिस के भी होश उड़ गए क्योंकि उसे भी अंदाजा नहीं था कि उसने जिसे पकड़ा है दरअसल वो है एक बेरहम सीरियल किलर। मोहन ने बोरे में बंद महिला की लाश के बारे में खुलासा किया कि कोटा में उसकी मुलाकात इस महिला से हुई थी। वो महिला को मजदूरी दिलाने के बहाने अपने साथ एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में ले गया। यहां उसने महिला के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की लेकिन जब वो नाकाम हुआ तो उसने क्रूरता से उसकी हत्या कर 25 मई की अहले सुबह उसके लाश को बोरे में भर ठिकाने लगा दिया।

पहले भी कर चुका है वारदात: कातिल के इस कबूलनामे के बाद शुरू हुआ उसके पिछले गुनाहों का हिसाब-किताब। पता चला कि 23 साल पहले साल 1997 में उसने कोटा के उद्योग नगर क्षेत्र में मां-बेटी की हत्या की थी। इसके बाद साल 2003 में मोहन, चित्तौड़गढ़ जिले में एक महिला से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा था। साल 2016 में वो सांगानेर की खुली जेल से फरार हो गया। जयपुर पुलिस ने मोहन को वांटेड की लिस्ट में भी रखा है। लेकिन मोहन खानाबदोश की तरह रहता था। उसका कोई एक निश्चित ठिकाना नहीं था इसलिए पुलिस को उसे पकड़ने में परेशानी होती थी। पेशे से मजदूर मोहन अक्सर गरीब महिलाओं को ही अपना निशाना बनाता था। वो महिलाओं को मजदूरी दिलाने के बहाने अपने साथ ले जाता और फिर रेप कर उनके शव को क्षत-विक्षत कर देता था ताकि शव की पहचान ना हो सके और उसका अपराध भी छिपा रहे। लेकिन कहते हैं जुर्म के पांव ज्यादा मजबूत नहीं होते। अब यह सीरियल किलर पुलिस की गिरफ्त में है और पुलिस उसपर कानून के मुताबिक कार्रवाई में जुटी है। (और…CRIME NEWS)