पुणे पुलिस ने एक ही परिवार की 5 लड़कियों से दुष्कर्म करने के आरोप में एक ढोंगी बाबा को गिरफ्तार किया है। इस ढोंगी बाबा का नाम सोमनाथ कैलाश चौहान उर्फ भाई बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सोमनाथ इस परिवार के सदस्यों को घोर अंधविश्वास में रखता था और कहता था कि उसके पास तांत्रिक शक्तियां हैं जिससे वो कुछ भी कर सकता है।
अघोरी बनकर पूजा करने की अपनी कुछ तस्वीरें भी इसने इस परिवार के सदस्यों को दिखाई थी ताकि यह लोग उससे डरें। सोमनाथ अक्सर इस घर में आकर पूजा-पाठ कराता था तथा दावा करता था कि ऐसा करने से उन्हें छिपा हुआ खजाना मिलेगा।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल ही में इस परिवार की 19 साल की एक लड़की अचानक लापता हो गई। परिवार वालों ने तुरंत पुलिस को इस बात की सूचना दी। बड़ी मुश्किल से कुछ दिनों बाद इस लड़की से फोन के जरिए संपर्क किया जा सका। लड़की ने बताया कि उसने सोमनाथ से शादी रचा ली है। बच्ची की यह बात सुनकर उसके परिवार वालों के होश उड़ गए।
किसी तरह पुलिस इस लड़की को खोज कर पुणे ले आई। ‘India Today’ की रिपोर्ट के मुताबिक यहां लड़की ने खुलासा किया कि सोमनाथ ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। बाद में उसने उससे शादी रचा ली। पूछताछ के क्रम में घर की 4 अन्य लड़कियों ने भी यह बात कबूली की सोमनाथ ने उनके साथ भी दुष्कर्म किया है। पीड़िताओं ने पुलिस को बताया कि वो उन्हें कपड़े उतारकर पूजा करने के लिए कहता था और पूजा के दौरान तरह-तरह के मंत्रों का जाप भी करता था।
बहरहाल इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी बाबा सोमनाथ को पकड़ लिया है और उसपर भारतीय दंड संहिता तथा पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। बता दें कि रेप की शिकार घर की अन्य 4 महिला सदस्य नाबालिग हैं।
आपको बता दें कि सोमनाथ ऐसा कोई पहला शख्स नहीं है जिसपर पूजा-पाठ या धर्म की आड़ में गंदा खेल खेलने का आऱोप लगा हो। इससे पहले आसाराम, दांती महाराज, राम-रहीम और नित्यानंद समेत अन्य कई लोगों पर भी ऐसे गंभीर आरोप लग चुके हैं।
